संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। तीन चिकित्सकों पर कार्रवाई की तलवार लटक रही है। मुख्य चिकित्साधिकारी ने महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य को लिखे पत्र में बताया है कि अस्पतालों से चिकित्सकों के अनुपस्थित रहने के कारण स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल बनी हुई हैं। मरीजों का सही से उपचार नहीं हो पा रहा है।
जनपद में छह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और 23 नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हैं। इन अस्पतालों में 71 चिकित्सकों के पद स्वीकृत हैं। सभी 23 नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों की तैनाती की गई है। यहां शुरुआत में तो चिकित्सक के नियुक्त होने से सुविधाएं ठीक रहीं लेकिन, इनमें तीन चिकित्सक पीजी करने के लिए चले गए, जो अब तक लौटकर नहीं आए। लंबे समय से अनुपस्थित चल रहे चिकित्सकों से विभाग ने पत्राचार किया, इसके बाद भी वे नहीं आए। अब मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य को पत्र लिखा है। तीनों चिकित्सकों के लंबे समय से अनुपस्थित रहने की सूचना दी है, इससे उक्त चिकित्सकों की सेवा समाप्त होने की संभावना है।
-
ये चिकित्सक चल रहे अनुपस्थित
चिकित्सक - तैनाती स्थल
डॉ. सुमित कुमार वर्मा - न्यू पीएचसी कुम्हेड़ी
डाॅ. अपिल सिंह रत्नाकर - न्यू पीएचसी धौर्रा
डॉ. विवेक गौतम - न्यू पीएचसी सौजना
-
जिला अस्पताल में अटैच चिकित्सक को किया रिलीव
नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डोंगराखुर्द में तैनात डॉ. तौकीर जफर जिला अस्पताल में अटैच थे। इन्हें रिलीव करने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने तीन पत्र भेजे, लेकिन जिला अस्पताल प्रबंधन ने रिलीव नहीं किया। इसके बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने वेतन रोकने के निर्देश दिए थे। अब जिला अस्पताल प्रबंधन ने डाॅ. तौकीर जफर को रिलीव कर दिया है, वह मूल तैनाती स्थल पर सेवाएं देंगे।
-
शासन ने लंबे समय से अनुपस्थित चिकित्सकों की सूची मांगी थी। इस संबंध में तीन चिकित्सकों की सूची भेजी गई है।-डॉ. इम्तियाज अहमद, सीएमओ