दवा वितरण कक्ष के पास पड़ा मिला शव, पहचान कराने में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। मेडिकल कॉलेज परिसर में दवा वितरण कक्ष के पास बुधवार सुबह युवक मृत अवस्था में मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस के अनुसार बुधवार सुबह करीब सात बजे मेडिकल कॉलेज के दवा वितरण कक्ष के समीप एक युवक अचेत अवस्था में पड़ा मिला। अस्पताल कर्मचारियों ने उसे तत्काल इमरजेंसी वार्ड पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और अस्पताल में मौजूद लोगों की मदद से शव की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नरेंद्र सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकेगा। मृतक की पहचान कराने के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।