ललितपुर। सरकारी अस्पतालों में दवाओं के रखरखाव और वितरण की जिम्मेदारी संभाल रहे फार्मासिस्ट खुद विभागीय समस्याओं से जूझ रहे हैं। कहीं अस्पतालों तक दवाएं पहुंचाने के लिए निजी वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है तो कहीं पदोन्नति और वरिष्ठता सूची वर्षों से लंबित है। इन समस्याओं को लेकर शुक्रवार को डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन की जिला शाखा ने सीएमओ कार्यालय में धरना दिया।
प्रदर्शन में जिले के विभिन्न सरकारी अस्पतालों में कार्यरत फार्मासिस्टों ने लंबित मांगों पर नाराजगी जताई। उन्होंने फार्मासिस्ट अधिकारी और चीफ फार्मासिस्ट के पदनाम निर्धारित करने, विशेष कार्याधिकारी फार्मेसी का नाम बदलकर सहायक निदेशक फार्मेसी करने तथा रिक्त पदों पर पदोन्नति प्रक्रिया पूरी कराने की मांग की। एसोसिएशन ने बताया कि वर्ष 2005 के बाद नियुक्त फार्मासिस्टों की स्थायी वरिष्ठता सूची अब तक जारी नहीं हुई है। इसके अलावा जिला ड्रग वेयरहाउस से अस्पतालों तक दवाएं पहुंचाने के लिए सरकारी वाहन और ईंधन का बजट उपलब्ध कराने की मांग उठाई।
20 नवंबर को लखनऊ में प्रदर्शन करेंगे फार्मासिस्ट
अपनी मांगों को लेकर उन्होंने बताया कि धरने के बाद मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सीएमओ के माध्यम से भेजा गया। एसोसिएशन ने चेतावनी दी कि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो 20 नवंबर को लखनऊ स्थित महानिदेशालय चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं के सामने एक दिवसीय धरना दिया जाएगा। इसके बाद भी सुनवाई नहीं होने पर आंदोलन और हड़ताल की जाएगी।