ललितपुर। थाना जाखलौन के अंतर्गत कस्बा निवासी एक युवक की पेट्रोल उड़ेलकर आग लगाने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पिता ने कुछ रिश्तेदारों पर हत्या करने की आशंका जताई है। थानाध्यक्ष जय प्रकाश चौबे ने बताया कि प्रथम दृष्टया युवक द्वारा खुद ही पेट्रोल डालकर आग लगाने की बात सामने आई है। फिर भी पुलिस के स्तर से जांच की जा रही है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है।
थाना नाराहट के ग्राम बेटना, हाल कस्बा जाखलौन निवासी हरनारायण (24) पुत्र पूरन कुशवाहा वुधवार की दोपहर में घर पर ही था। उसके परिवार में रिश्तेदार की किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इस पर उसने गुस्से में आकर पेट्रोल डालकर आग लगा ली, जिससे वह झुलस गया। परिजनों व आसपास के लोगों ने आग बुझाई और पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंची जाखलौन पुलिस युवक को जली अवस्था में उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गई। उसकी हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। झांसी पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इस पर बृहस्पतिवार को परिजन उसके शव को ललितपुर जिला चिकित्सालय ले आए।
जिला चिकित्सालय से मेमो मिलने पर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक का एक पुत्र है। वह दो भाइयों व दो बहनों में तीसरे नंबर का था। मृतक के पिता पूरन कुशवाहा ने बताया कि उसके पुत्र की एक जगह शादी की बात चल रही थी। इसे लेकर कुछ रिश्तेदारों से मनमुटाव चल रहा था। उसने रिश्तेदारों पर पुत्र की पेट्रोल डालकर आग लगाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है।