ललितपुर। कृषि विभाग ने अनुदान पर वितरण वाले कृषि यंत्रों के लिए ई-लाॅटरी के माध्यम से 17 किसानों का चयन किया। विकास भवन सभागार में दस हजार रुपये से अधिक के अनुदान वाले कृषि यंत्र/रक्षा उपकरण, कस्टम हायरिंग सेंटर, ग्रामीण उद्यम इत्यादि की ई-लाॅटरी की प्रक्रिया विकास खंड वार आयोजित की गई। सर्व प्रथम प्रत्येक यंत्र के लिए मॉकड्रिल का आयोजन हुआ। इसके बाद कृषकों की चयन प्रक्रिया की गई। कृषि यंत्रों पर चयनित लाभार्थियों को पात्रता के आधार पर चालीस से पचास प्रतिशत अनुदान एक निश्चित धनराशि की सीमा तक देय होगा। उप कृषि निदेशक वसंत कुमार दुबे, अध्यक्ष केवीके मुकेश चंद्र, नामित प्रगतिशील कृषक सुरेश कुमार टोंटे, शैलेंद्र जोशी, मुकेश पटेल, रंजीत यादव, काश वर्मा के साथ टोकन लेने वाले कृषक भी उपस्थित रहे। संवाद
बस स्टैंड के पास से हटाया जाए कब्जा
ललितपुर। भाजपा अल्प संख्यक मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष नसीमुद्दीन कुरैशी ने बस स्टैंड के पीछे किए गए कब्जा को हटवाए जाने की मांग को लेकर मंडलायुक्त को ज्ञापन भेजा। ज्ञापन में बताया कि शहर के बीच स्थित बस स्टैंड व अभिलाषा पेट्रोल पंप के पीछे नजूल की भूमि है। आरोप है कि इस भूमि पर विभागीय कर्मचारियों की मिली भगत से कई लोगों ने कब्जा जमा लिया है। टपरा तक डाल लिए हैं। भूमि को कब्जा मुक्त कराए जाने की मांग की है। संवाद