ललितपुर। किसानों को उपज बेचने की सुविधा के लिए व्यापारियों के नाम तय करने के बाद गल्ला मंडी खोलने के निर्देश दे दिए गए, लेकिन शुक्रवार को व्यापारियों के नहीं पहुंचने से मंडी नहीं खुल सकी। मंडी में पांच सौ व्यापारी कारोबार कर रहे हैं, इनमें से केवल 150 के नाम खरीद के लिए तय किए गए हैं, जिससे रोष व्याप्त है।
नवीन गल्ला मंडी में लगभग पांच सौ फुटकर व थोक व्यापारी कार्यरत हैं। इनमें तीन सौ व्यापारियों को व्यापार करने के लिए स्थायी दुकानें आवंटित है, जबकि 128 व्यापारियों को मंडी प्रशासन द्वारा खाली पड़े भूखंडों पर व्यापार करने के लिए आवंटित किए गए हैं। कई अन्य व्यापारी भी गल्ला व्यापार करते हैं। कोरोना वायरस को नियंत्रित करने के लिए अधिक भीड़ एकत्रित न हो, इसके लिए शासन द्वारा गल्ला मंडी बंद कर दी थी। गल्ला मंडी बंद होने से किसानों को आर्थिक समस्या खड़ी हो गई थी। किसान अपनी उपज को बेच नहीं पा रहे हैं।
किसानों की समस्या को देखते हुए शासन ने कोरोना से बचाव के नियमों का पालन करते हुए गल्ला मंडी खोले जाने के निर्देश दिए। इसी क्रम में गल्ला मंडी प्रशासन ने मंडी में 150 थोक व फुटकर व्यापारियों को चिह्नित करते हुए अस्थायी तौर पर विशिष्ट मंडी स्थल अमरपुर में दुकानें आवंटित की गई थीं। यहां पर मंडी में प्रवेश करने के लिए पास व पहचान पत्र की आवश्यक है, जिससे कि मंडी में अधिक भीड़ एकत्रित न हो। मंडी में अधिक भीड़ न हो इसके लिए किसानों के माल की लोडिंग व अनलोडिंग का समय निर्धारित किया गया है और व्यापारियों के ट्रक की लोडिंग - अनलोडिंग का समय अलग तय किया गया है।
लेकिन, मंडी प्रशासन की किसानों को सुविधा देने की तैयारी धरी के धरी रह गई। शुक्रवार को चिह्नित व्यापारी मंडी में व्यापार करने नहीं पहुंचे। नवीन गल्ला मंडी में कार्यरत व्यापारियों में से केवल 150 के चिह्नित होने से रोष है। ऐसे में किसानों को आर्थिक समस्याओं से फिलहाल राहत नहीं मिली है। मंडी नहीं खुलने से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। वहीं मंडी में व्यापार कर रहे पांच सौ व्यापारियों में से कुछ का ही व्यापार करने के लिए चयन होने से शेष व्यापारियों में रोष व्याप्त है।
--------------
मंडी प्रशासन से व्यापारियों की वार्ता चल रही है। इसके बाद ही आगे निर्णय लिया जाएगा।
- अशोक अनौरा
अध्यक्ष, गल्ला व्यापार मंडल
---------
विशिष्ट गल्ला मंडी अमरपुर में व्यापारी चिह्नित कर मंडी को खोलेे जाने की तैयारी की गई है। जहां पर कोरोना वायरस के संक्रमण को लेकर बचाव करने के नियमों का पालन किया जाएगा।
- संजय कुमार
मंडी सचिव