ललितपुर। थाना जखौरा क्षेत्र के गांव धर्मपुरा निवासी गौरव राजपूत (40) पुत्र अशोक कुमार शनिवार को खेत पर गया था। जहां गेहूं की फसल बिछी देख वह बेचैन हो उठा। इसके बाद घर पहुंचते ही उसकी हालत बिगड़ गई। जिस पर परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान किसान गौरव की मौत हो गई। बताया जाता है कि किसान गौरव राजपूत ने इस बार अपने चार एकड़ खेत में गेहूं की फसल बोई थी। शनिवार को वह खेत पर गया तो वहां फसल बिछी देख उसकी हालत खराब हो गई। वह किसी प्रकार घर पहुंचा और परिजनों से फसल खराब होने की बात बताई। दोपहर में करीब तीन बजे उसकी अचानक हालत फिर से बिगड़ गई। जिस पर परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने अटैक पड़ने की बात कही है। मृतक के भाई राघवेंद्र ने बताया कि उसके भाई ने करीब दो लाख रुपये साहूकारों से कर्ज भी ले रखा था। जिससे वह पहले से ही परेशान चल रहा था और अब फसल भी बिछी देख वह सहन नहीं कर सका। उसने बताया कि बीते दिनों हुई बारिश व आंधी में फसल खराब हो गई। मृतक का एक बेटा और एक बेटी है। जबकि वह दो भाई व एक बहन में बड़ा था।