बीज वितरण कार्यक्रम में उपस्थित किसान
- फोटो : LALITPUR
डोंगरा खुर्द (ललितपुर)। बुंदेलखंड सेवा संस्थान द्वारा आयोजित रबी फसल प्रबंधन और बीज वितरण कार्यक्रम रविवार को किया गया। इस अवसर पर मां विंदेश्वरी शक्ति पीठ बनयाना के महंत अनिल दास महाराज ने कहा कि बुंदेलखंड सेवा संस्थान सुदूर वनांचल में स्थित विकास से वंचित गांवों में हाशिए में जी रहे अंतिम आवाज बनकर उनके सर्वांगीण विकास के लिए समर्पित है। कोरोना काल में लघु और सीमांत किसानों को बुवाई हेतु गेहूं का बीज वितरण कर किसानों को प्रोत्साहित करने का सराहनीय कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आज शुद्ध अनाज, रसायनमुक्त फसल उत्पादन, फल, फूल, सब्जियों का उत्पादन करने के लिए शुद्ध पेयजल का उपयोग करना प्रत्येक मानव का धर्म है। इसके पूर्व बुंदेलखंड सेवा संस्थान द्वारा ग्राम बड़गाना एवं बनयाना में रबी की मुख्य फसल गेहूं के बुवाई के पूर्व किसानों को एवं तालाब प्रबंधन समिति के सदस्यों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान खेत की तैयारी, जैविक खाद बनाने व गेहूं की बुवाई के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। बुंदेलखंड सेवा संस्थान प्रतिनिधि विवेक सिंह ने बताया कि वर्तमान में जैविक खेती के माध्यम से स्वस्थ भोजन की आवश्यकता है। मां बिंदेश्वरी शक्ति पीठ बनयाना के महंत अनिल दास महाराज ने कहा कि क्षेत्र के विकास से वंचित गांवों में संस्थान सफल प्रयोग कर रहा है। बुंदेलखंड सेवा संस्थान के वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता वासुदेव सिंह ने कहा कि वर्तमान में किसान जहर मुक्त भोजन जहर मुक्त हवा, जहरमुक्त सब्जी, जहरमुक्त पानी के उपयोग से ही मानव जीवन सुरक्षित रहेगा। ग्राम प्रधान बनयाना तुलसीराम ने कहा कि संस्थान ने तालाब खुदाई कराकर बरसात का पानी बचाने, उड़द और गेहूं का बीज वितरण कर हमारी पंचायत के किसानों को लाभान्वित किया है। ग्राम प्रधान बड़गाना जाहर सिंह ने संस्थान के लोकहितकारी कार्यो की सराहना की ।