ललितपुर। शहर के मोहल्ला नेहरूनगर निवासी एक महिला कोरोना संक्रमित मिलने पर स्वास्थ्य विभाग महिला की ट्रे्वल हिस्ट्री खंगाल रहा है। महिला को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। मोहल्ले में थर्मल स्क्रीनिंग के लिए टीम गठित कर दी गई है।
25 मई को शहर के मोहल्ला नेहरूनगर निवासी एक महिला बुखार और सांस लेेने की दिक्कत पर जिला अस्पताल में उपचार कराने के लिए पहुंची। जहां पर महिला को भर्ती कर इलाज किया गया। कोरोना के लक्षणों के आधार पर उक्त महिला की कोविड-19 जांच के लिए 26 मई को सैंपल लिया गया। इसके बाद महिला अपने घर पर चली गई थी। 29 मई को जैसे ही महिला के कोरोना सैंपल का परिणाम पॉजीटिव आया, तो स्वास्थ्य महकमा सकते में आ गया। महिला को एंबुलेंस से वापस लाया गया और आइसोलेेशन वार्ड में भर्ती किया गया, जहां से मेडिकल कॉलेज झांसी के लिए रेफर कर दिया गया।
स्वास्थ्य विभाग महिला में कोरोना कहां से आया, इसके लिए मरीज की हिस्ट्री खंगाल रहा है। महिला कहां- कहां गई थी, उसके बारे में आंकडे जुटाए जा रहे हैं। शनिवार को मरीज के संपर्क में आने वाले लोगों के साथ ही परिवार के दो सदस्यों के सैंपल लेकर क्वारंटीन किया गया है। साथ ही जिला अस्पताल में संपर्क में आने वाले चिकित्सकों व अन्य कर्मचारियों के सैंपल लिए जा रहे हैं।
----------
मोहल्ला व आसपास के लिए बनी टीम
महिला की कोरोना जांच में पुष्टि के बाद मोहल्ले को सील किया गया है। इसके साथ ही महिला के घरों के आस-पास के लोगों की जांच के लिए 12 टीमों का गठन किया गया है, जो लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग कर लक्षणों की खोज करेंगी। लक्षण पाए जाने सैपंल लेकर जांच कराई जाएगी। संभावित को क्वारंटीन किया जाएगा।
---------
महिला में कोरोना जांच की पुष्टि होने के बाद उसे मेडिकल कॉलेज झांसी रेफर किया गया है। संक्रमण रोकने के लिए आसपास व संपर्क में आने वाले लोगों की जांच कराई जाएगी। महिला की हिस्ट्री खंगाली जा रही है कि वह किस- किस से मिली थी।
- डा. प्रताप सिंह
मुख्य चिकित्सा अधिकारी