ललितपुर। किसान से शुक्रवार को दिनदहाड़े 1.70 लाख रुपये लूटने के मामले के खुलासे में जुटी पुलिस की टीमों ने दूसरे दिन भी सीसीटीवी फुटेज खंगाली। वहीं, सर्विलांस सेल भी तकनीक का उपयोग करते हुए बदमाशों की तलाश में जुटी है।
इलाइट क्षेत्र में पांच जुलाई की दोपहर रोंडा गांव निवासी रोशन सिंह से पॉलिथीन में 1.70 लाख रुपये लेकर अपने जा रहे थे। इसी बीच, बाइक सवार दो बदमाशों उनसे रुपये लूटकर ले गए। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। एसपी मोहम्मद मुश्ताक ने लूट करने वाले बाइक सवार बदमाशों को पकड़ने के लिए पांच टीमें गठित कर दी थीं। पुलिस टीमों ने बैंक, सुपर मार्केट में स्थित दुकानों, प्रतिष्ठानों सहित रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाली। सूत्रों के अनुसार सीसीटीवी फुटेज में बदमाश कैद तो हुए। लेकिन स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहे हैं। इसके लिए पुलिस टीमें तकनीक की मदद से बदमाशों को चिह्नित करने में लगी हैं। पुलिस ने हाइवे पर लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले। सर्विलांस टीम तकनीकी सहायता के जरिए बदमाशों का पता लगाने में जुटी है। सीओ सदर अभय नारायण ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में कुछ सुराग हाथ लगे हैं। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।