संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। यूपी बोर्ड ने मान्यता प्राप्त विद्यालयों पर शिकंजा कस दिया है। बीते दिनों माध्यमिक शिक्षा परिषद ने एक सूची जारी की, जिसमें ऐसे विद्यालयों की मान्यता रद्द कर दी, जिनके छात्र बोर्ड परीक्षा में शामिल नहीं हुए। इनमें एक ललितपुर का विद्यालय भी शामिल है। विभाग ने प्रबंधक व प्रधानाचार्य को नोटिस जारी किया है।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की मान्यता प्रदान करता है। इसमें मानकों को पूरा करना अनिवार्य होता है। साथ ही यूपी बोर्ड मान्यता के साथ ही शर्तें भी पूरी करना अनिवार्य होता है। लेकिन मान्यता के बाद दो वर्षों तक कक्षाओं का संचालन न करने और वर्ष 2025 व 2026 की बोर्ड परीक्षा में परीक्षार्थियाें को शामिल नहीं किया गया। इस पर यूपी बोर्ड ने प्रदेश के 465 विद्यालयों की मान्यता रद्द कर दी है। परिषद ने इसकी सूची भी जारी की है। यूपी बोर्ड से मान्यता रद्द की सूची में जनपद के ग्राम कचनौंदा कलां में संचालित स्वामी विवेकानंद इंटर कॉलेज का नाम भी शामिल हैं। इसको लेकर विद्यालय प्रबंधन में हड़कंप मच गया। मामले में विभागीय अधिकारियों ने कॉलेज प्रबंधक व प्रधानाचार्य को नोटिस देकर जवाब मांगा है।
-
लगातार दो वर्ष तक बोर्ड परीक्षा में विद्यार्थियों के शामिल न होने पर मान्यता रद्द की गई है। मामले में विद्यालय के प्रधानाचार्य व प्रबंधक को नोटिस जारी स्पष्टीकरण मांगा है। ओम प्रकाश, जिला विद्यालय निरीक्षक