ललितपुर। पूर्व दशम छात्रवृत्ति योजना में जनपद के कुछ विद्यालय छात्र-छात्राओं का डाटा अग्रसारित करने में लापरवाह बने हुए है। ऐसे विद्यालयों के खिलाफ सीडीओ ने प्रधानाचार्य और छात्रवृत्ति के नोडल को निर्देश जारी किए है।
शैक्षिक सत्र 2022-23 में पूर्वदशम छात्रवृत्ति योजना के तहत छात्र-छात्राओं ने 10 अक्तूबर तक विद्यालय के छात्रवृत्ति पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन किया। 14 अक्तूबर तक आवेदन की हार्डकापी विद्यालयों में जमा करना था। इसके बाद यह डाटा विद्यालयों को सत्यापित कर ऑनलाइन छात्रवृत्ति की वेबसाइट पर अग्रसारित किया जाना था। शैक्षिक सत्र 2022-23 में अन्य पिछड़ा वर्ग के अंतर्गत 13334 छात्र-छात्राओं ने अपना आवेदन पूर्ण रूप से भरकर विद्यालयों की साइट पर अपलोड किया। जिसके सापेक्ष विद्यालयों ने 12852 छात्र-छात्राओं का डाटा अग्रसारित किया है। साथ में 333 छात्रों का डाटा निरस्त किया। इस प्रकार 149 छात्र-छात्राओं का डाटा विभिन्न विद्यालयों ने अपने लॉगिन पर लंबित रखा है। जबकि इस संबंध में विद्यालयों को लगातार अवगत कराया जाता रहा है। साथ में डीआईओएस के माध्यम से भी विद्यालयों के प्रधानाचार्य और छात्रवृत्ति के नोडल अधिकारी को निर्देशित किया गया। लेकिन विद्यालयों ने डाटा लंबित रखा। लंबित डाटा को लेकर मुख्य विकास अधिकारी ने कड़ा रुख अपनाते हुए विद्यालयों के प्रधानाचार्य और छात्रवृत्ति के नोडल अधिकारियों को निर्देश दिया। साथ में छात्रवृत्ति से छात्र-छात्राओं के वंचित रहने पर कठोर विभागीय कार्रवाई करने की चेतावनी दी। इतना ही ललितपुर को जानकारी प्राप्त होने पर उनके द्वारा विद्यालयों के प्रधानाचार्य तथा छात्रवृत्ति के नोडल अधिकारियों के विरुद्ध कड़ा रुख अपनाया गया और निर्देशित किया गया कि कोई भी छात्र/ छात्रा विधालयों या किसी भी शासकीय विभाग की लापरवाही से छात्रवृत्ति से वंचित रह जाता है तो उसके विरुद्ध कठोर विभागीय कार्यवाही की जाएगी। जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी राजेश कुमार सिंह बघेल ने बताया कि डाटा लंबित रखने वाले विद्यालयों के प्रधानाचार्य एवं छात्रवृत्ति के नोडल प्रभारियों से स्पष्टीकरण तलब कर एक सप्ताह में जबाब मांगा है।
इन विद्यालयों में चल रहा डाटा लंबित
छात्र-छात्राओं के छात्रवृत्ति डाटा लंबित रखने वाले विद्यालयों में मदन मोहन मालवीय इंटर कॉलेज महरौनी में 25, राजकीय इंटर कॉलेज बार में 23, शांतिनाथ बाल संस्कार केंद्र सीरॉन जखौरा में 20, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज तालबेहट में 18, भुवन देवी मेमोरियल हाई स्कूल इंटर कॉलेज ललितपुर में 17, पीएन इंटर कॉलेज में 14 और शांति निकेतन इंटर कॉलेज महरौनी में छह छात्र-छात्राओं के डाटा को लंबित रखा है। इस प्रकार से 149 छात्र-छात्राओं का डाटा विद्यालयों ने अपने लॉगिन पर लंबित रखा हुआ है।
शैक्षिक सत्र 2022-23 में अन्य पिछड़ा वर्ग के अंतर्गत 13334 छात्र-छात्राओं ने आवेदन विद्यालय की साइट पर अपलोड किया है। जिसमेें से विद्यालयों ने 12852 का डाटा अग्रसारित किया है। जबकि 149 का डाटा अपने लॉगिन पर लंबित रखा हुआ है। इस पर सीडीओ ने कड़ा रुख अपनाते हुए ऐसे विद्यालयों के प्रधानाचार्य और छात्रवृत्ति नोडल अधिकारियों को डाटा अग्रसारित करने के निर्देश दिए गए है।
राजेश कुमार बघेल, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी