संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। दो दिनों से हो रही बारिश के चलते बुधवार को जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी ने कक्षा एक से आठवीं के विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया। इस कारण बुधवार से शुरू हो रही सत्रीय परीक्षा का पहला पेपर नहीं हो पाया।
परिषदीय विद्यालयों में सत्रीय परीक्षाएं 18 से 23 सितंबर तक होनी थीं। दो दिनों से झमाझम बारिश हो रही है। खराब मौसम को देखते हुए जिलाधिकारी ने बुधवार को कक्षा एक से आठवीं तक के सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया। इस कारण एक से आठवीं की कक्षाओं में होने वाली सत्रीय परीक्षा पहले दिन शुरू नहीं हो सकी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी रणवीर सिंह ने बताया कि विद्यालय में आकस्मिक अवकाश घोषित हो जाने से पहले दिन सत्रीय परीक्षा का पेपर नहीं हो सका। इस दिन की परीक्षा को अब अन्य दिनों की परीक्षा होने के बाद कराया जाएगा।