तालबेहट
(ललितपुर)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर पूरे देश में मतदाताओं को
आधार कार्ड से लिंक करने के लिए रविवार को चलाए गए विशेष अभियान के तहत
उपजिलाधिकारी एवं नायब तहसीलदार को निरीक्षण के दौरान पूर्व माध्यमिक
विद्यालय तेरई एवं वस्तगुवा में ताला लटका मिला। वहीं कुछ विद्यालयों में
बीएलओ का कार्य संतोषजनक मिला।
रविवार को सुबह उपजिलाधिकारी अमिताभ यादव
ने नायब तहसीलदार सुबोध मणि शर्मा, राजस्व निरीक्षक शिव कुमार चौबे के साथ
पूर्व माध्यमिक विद्यालय तेरई का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें विद्यालय
पर ताला लटका मिला। जिस पर बीएलओ मुबीना से मोबाइल फोन पर जानकारी ली।
संतोषजनक जवाब न मिलने पर एसडीएम ने बीएलओ के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश
दिए हैं।
वहीं प्राथमिक विद्यालय तेरई में लोगों की मौजूदगी कम मिलने पर
एसडीएम ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता से लोगों को सूचना देने के निर्देश भी
दिए। पूर्व माध्यमिक विद्यालय जमालपुर शिवशंकर एवं प्राथमिक विद्यालय
जमालपुर में सीमा यादव बीएलओ मौजूद मिलीं। जबकि प्राथमिक विद्यालय में
अनुदेशक ज्योति कौशिक मौजूद मिलीं, परंतु मौके पर मतदाता सूची उपलब्ध नहीं
मिली। ग्राम बांसी में चारों बीएलओ मौजूद तथा काम करते मिले। प्राथमिक
विद्यालय गड़िया में बीएलओ संजय कुमार द्वारा 125 मतदाताओं को जबकि हनुपुरा
के बीएलओ महेश सिंह द्वारा लगभग 100 मतदातों को रजिस्टर्ड किया जा चुका
था।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम को पूर्व माध्यमिक विद्यालय बस्तगुवा का
विद्यालय बंद मिला। फोन पर संपर्क करने पर बीएलओ सरस्वती ने अपनी उपस्थिति
कस्बा बार में बताते हुए शिविर की जानकारी के बारे में अनभिज्ञता जताई। जिस
पर एसडीएम ने बंद विद्यालय की बीएलओ के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए
हैं।