संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जिले में 70 साल और उससे ज्यादा आयु के सभी लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए अब स्कूल के बच्चे भी लोगों को जागरुक करेंगे। वह अपने घर, परिवार सहित आसपास पड़ोस के लोगों को इसकी जानकारी देंगे। डीआईओएस व बीएसए ने सभी प्रधानाचार्यों व प्रधानाध्यापकों को पत्र जारी करके इसके लिए जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश जारी किए हैं।
जनपद में 1357 परिषदीय व कंपोजिट विद्यालय हैं। इनमें करीब 1.71 लाख बच्चे अध्यनरत हैं। वहीं, माध्यमिक शिक्षा विभाग के 39 विद्यालय हैं। इनमें 31 राजकीय हाईस्कूल व 8 राजकीय इंटर कॉलेज हैं। इनमें करीब 40 हजार छात्र-छात्राएं अध्यनरत हैं। हाल में केंद्र सरकार ने 70 साल और उससे अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए आयुष्मान बनाने के लिए निर्देश दिए हैं।
जिसमें स्कूल के बच्चे अपने-अपने घर के परिजनों और आसपास के लोगों को आयुष्मान कार्ड के बारे में जानकारी देकर जागरुक करेंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक व जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी प्रधानाचार्य व प्रधानाध्यापकों को पत्र जारी करके जागरूकता करने का निर्देश दिया है। बीएसए रणवीर सिंह ने बताया कि सभी प्रधानाध्यापकों को पत्र जारी करके निर्देश दे दिए हैं।
-