मड़ावरा/ललितपुर। थाना मड़ावरा क्षेत्र के अंतर्गत सौरई के जंगलों में बकरियां चराने गए दो चरवाहों पर कुछ बदमाशों ने मारपीट करते हुए जानलेवा हमला कर दिया। जब चरवाहों ने विरोध किया तो तमंचे से फायर भी कर बकरियां लूटकर भाग गए। ग्रामीणों के पहुंचने पर बदमाश काफी दूर जाकर बकरियां छोड़कर भाग गए। गोली चलने की सूचना पर मड़ावरा और मदनपुर थानों की पुलिस ने जंगल पहुंचकर छानबीन की। उधर, फायरिंग में एक चरवाह घायल हो गया।
थाना मड़ावरा के ग्राम सौरई निवासी ग्यासी पाल (55) पुत्र गुलाब अपने भतीजे सुनील पाल (27) पुत्र धोकल के साथ शनिवार की दोपहर में अपनी 80 से अधिक बकरियां चराने के लिए सौरई के जंगलों में गया था। दोपहर लगभग एक बजे जब वह दोनों ग्राम चौपड़ा के पास जंगल में बकरियां चरा रहे थे, इसी दौरान करीब छह-सात बदमाश आए और उनकी बकरियां लूटकर ले जाने लगे। यह देख ग्यासी व सुनील ने इसका विरोध किया तो बदमाशों ने उनके साथ मारपीट कर दी और ग्यासी पर तमंचे से फायर भी कर दिया, जिससे उसके हाथ की उंगली में छर्रें लगने से वह घायल हो गया। वहीं उसका भतीजा यह देख तत्काल गांव की ओर भागा और ग्रामीणों व पुलिस का को घटना की जानकारी दी, जिस पर थाना मदनपुर के अंतर्गत ग्राम थनगना के पास बकरियां लेकर भाग रहे बदमाशों की ग्रामीणों व दोनों थानों की पुलिस ने घेराबंदी कर दी, जिससे बदमाश अपने को घिरा देख बकरियां छोड़कर मौके से भाग निकले। फिलहाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल को उपचार के लिए मड़ावरा सीएचसी भेजा है। घायल ग्यासी ने बताया कि जब वह बकरियां चरा रहा था तो करीब छह लोग आए और बंदूक अड़ाकर बकरियां ले जाने लगे, तो उसने बंदूक पकड़ ली तो उसने गोली चला दी। इससे उसकी उंगली में चोट लगी है। पास में मौजूद उसके भतीजे सुनील ने भागकर गांव वालों व पुलिस को जानकारी दी।
घटना की जानकारी ग्रामीणों ने दी है। जांच की जा रही है, तो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। कृष्णवीर सिंह, थानाध्यक्ष मड़ावरा।
-----------
घटना की जानकारी पर मदनपुर थाना क्षेत्र की पुलिस ने घेराबंदी की और बदमाश बकरियां छोड़कर भाग गए। विनोद कुमार, थानध्यक्ष मदनपुर।