खाद्य पदार्थों की जांच करते खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी। स्रोत:विभाग
- फोटो : Samvad
ललितपुर। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को शहर में दो स्थानों पर छापा मारकर बेसन के लड्डू और छेना के रसगुल्ला के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए।
दीपावली पर मिलावटी खाद्य पदार्थों के बढ़ने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार जांच अभियान चला रहा है। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बुधवार को तालाबपुरा स्थित रोहन साहू के निर्माण स्थल पर बन रहे बेसन के लड्डू व अन्य खाद्य पदार्थों की जांच की। साथ ही यहां बनाए गए बेसन के लड्डू का नमूना लिया। साथ ही उक्त व्यक्ति को साफ सफाई एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने के लिए निर्देश दिए। इसके बाद टीम द्वारा मोहल्ला घुसयाना स्थित विशाल मेगा मार्ट में पहुंचकर खाद्य पदार्थों की जांच की और यहां मेगा मार्ट से छेना के रसगुल्ला का नमूना संग्रहित किया गया। सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय विनोद कुमार शर्मा ने बताया कि लिए गए नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी कलामुद्दीन, खाद्य सुरक्षा अधिकारी एसएस निरंजन और नागेंद्र कुमार शामिल रहे।