ललितपुर। समाजवादी पार्टी के नेता चंद्रभूषण सिंह बुंदेला गुड्डू राजा ने
कहा कि पंचायत चुनाव में समाजवादी पार्टी ने बेहतर प्रदर्शन किया है। यह
समाजवादी पार्टी की नीतियों की जीत है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री 15
दिसंबर को पावर प्लांट की दूसरी इकाई का शुभारंभ करने जिले के दौरे पर
आएंगे।
समाजवादी पार्टी कार्यालय पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए
उन्होंने कहा कि चुनाव में भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और बहुजन समाज
पार्टी का सूपड़ा साफ हो गया है। कहीं पर भी चुनाव के दौरान गुंडागर्दी की
कोई खबर नहीं आई। उन्होंने कहा कि लगातार तीसरी बार समाजवादी पार्टी का
जिला पंचायत अध्यक्ष बनाया जाएगा। यह जीत सभी पार्टी कार्यकर्ताओं की
एकजुटता की वजह से हुई है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि
वर्ष 2017 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट जाएं।
समाजवादी
पार्टी के जिलाध्यक्ष आल्हा प्रसाद निरंजन ने कहा कि समाजवादी सरकार
किसानों पर विशेष ध्यान दे रही है। अब किसान की जमीन किसी भी कारण से नीलाम
नहीं हो पाएगी, मुख्यमंत्री ने इस पर रोक लगा दी है। सघन उद्यानीकरण और
कामधेनु योजना का लाभ किसानों को मिल रहा है। जिले में लोहिया बस चलाए जाने
से लोगों में समाजवादी पार्टी के प्रति भरोसा बढ़ा है। उन्होंने कहा कि दस
हाईस्कूल उच्चीकृत होने के लिए स्वीकृत हो गए हैं। इसके अलावा मड़ावरा
में डिग्री कालेज खोलने के प्रयास तेज हो गए हैं।
इस मौके पर निवर्तमान
जिला पंचायत अध्यक्ष शिशुपाल सिंह यादव, ब्लाक प्रमुख जयराम सिंह निरंजन,
नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्य खिलानसिंह यादव, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष
रमेश खटीक, अशोक रावत उपस्थित रहे।
बाक्स में
अभी 17 सदस्य जीते, जल्द दो और आएंगे
ललितपुर।
गुड्डू राजा ने कहा कि जो लोग यह दावा कर रहे हैं कि जिले में भाजपा अथवा
बसपा के भी प्रत्याशी जीते हैं, वह भूल गए हैं कि जो लोग जीते हैं वह पहले
समाजवादी पार्टी में रह चुके हैं। अभी जिला पंचायत सदस्य के इक्कीस सदस्यों
में से 17 उम्मीदवार पार्टी के समर्थक जीते हैं, लेकिन जल्द ही दो सदस्य
और पार्टी में शामिल हो जाएंगे। इससे पार्टी के सदस्यों की संख्या बढ़कर 19
हो जाएगी।