सड़क पर ट्राला फंसने से चार घंटे बाधित रहा यातायात
कड़ेसरा कलां/ तालबेहट। बृहस्पतिवार को दोपहर में राष्ट्रीय राजमार्ग 44 पर एक ट्राला सड़क पर फंस गया, जिससे करीब चार घंटे यातायात बाधित रहा। झांसी से ललितपुर की ओर मिनी लोडर लेकर जा रहा ट्राला ग्राम हनौता के समीप से जा रहा था, तभी ड्राइवर को नींद का झोंका आ गया। इससे ट्राला डिवाइडर पर चढ़ता हुआ सड़क के दूसरी ओर जाकर फंस गया। इसके बाद स्टाफ मौके से भाग गया। इससे चार घंटे सड़क जाम रही। पुलिस भी मौके पर नहीं पहुंची। बाद में क्रेन मशीन मंगा कर उसे सड़क से एक ओर किया गया। तब जाकर यातायात सुचारु हो सका। जाम के कारण वाहनों में सवार लोगों को भारी परेशानी उठानी पड़ी।