ललितपुर/ डोंगरा खुर्द। नाराहट थाना अंतर्गत ग्राम गौना गेस्ट हाउस के पास कार में मध्य प्रदेश के युवक की हत्या करने के मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी और मृतक के ममेरे भाई को गिरफ्तार कर लिया। पैसों के लेनदेन और पत्नी से मारपीट करने में युवक को मौत के घाट उतारा गया था।
शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कैप्टन एमएम बेग ने बताया कि पिछले दिनों थाना नाराहट अंतर्गत हाइवे गेस्ट हाउस रोड पर चार पहिया गाड़ी में एक शव बरामद हुआ था। शिनाख्त मध्य प्रदेश के जिला सागर अंतर्गत थाना मालथौन के ग्राम अटा निवासी देवेंद्र सिंह (42) पुत्र रघुवीर सिंह के रुप में हुई थी। मृतक की पत्नी नीतू सिंह की तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या की धाराओं में मामला दर्ल कर लिया था। मामले के खुलासे के लिए अपर पुलिस अधीक्षक अवधेश कुमार विजेता और क्षेत्राधिकारी पाली फूलचंद्र के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक आनंद कुमार पांडेय, स्वाट टीम प्रभारी उप निरीक्षक राजबाबू, सर्विलांस प्रभारी गुलाम हुसैन ने अपनी-अपनी टीमों के साथ मामले का खुलासा किया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतक देवेंद्र सिंह की रात नौ बजे अपने गांव निवासी ममेरे भाई सुरेंद्र सिंह के साथ पीने - खाने की पार्टी हुई और इसके बाद करीब 10 बजे अपने मकान में सोने चला गया था। इसी दौरान मृतक का साला नितिन चौहान ग्राम बार से महरौनी होते हुए अपने दो अज्ञात साथियों के साथ रात में 10 बजे आया। आवाज सुनकर पत्नी नीतू सिंह कमरे से बाहर गेट खोलकर नीचे आ गई। साले ने अपने दो साथियों के साथ सोते समय ही गमछा से गला दबाकर देवेंद्र सिंह की हत्या कर दी। नीतू सिंह व ममेरा भाई सुरेंद्र सिंह तोमर निगरानी करने में लगे रहे।
हत्या के बाद शव को गाड़ी में डालकर ठिकाने लगाने की योजना बनाई। इसके बाद गौना गेस्ट हाउस के सामने गाड़ी छोड़ कर भाग गए। पुलिस ने पत्नी व गांव निवासी ममेरे भाई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश पर जेल भेज दिया है। बाकी आरोपियों की तलाश की जा रही है।
--------
मालथौन टोल प्लाजा बना बाधा
हत्या करने के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए टोल पार करने में रहस्य खुलने के भय से शव को उत्तर प्रदेश की सीमा में थाना नाराहट के अंतर्गत गेस्ट हाउस के पास गाड़ी सहित छोड़कर भाग गए थे।
----------
पत्नी से करता था आए दिन मारपीट
मृतक अपनी पत्नी नीतू सिंह के साथ आए दिन मारपीट करता था और अपने साले नितिन को ब्याज पर नौ लाख रुपये दिए था। इस पर पत्नी और साले ने जान से मारने की रणनीति बनाई थी। पत्नी को शक था कि दूसरे में उसके किसी और से संबंध हैं। पत्नी नीतू सिंह ने अपने जुर्म को छिपाने के लिए दूसरे पर मुकदमा दर्ज कराया था। मृतक पत्थर को कारोबारी था। ममेरा भाई सुरेंद्र सिंह लेनदेने व कारोबार की देखरेख करता था। उसका मृतक के घर पर ही रहना और खाना पीना होता था। उसने लालच में आकर घटना को अंजाम दिया।
---------छह फरवरी को मिला था शव
नाराहट थाना अंतर्गत गौना गेस्ट हाउस के पास चार पहिया गाड़ी में व्यक्ति का शव मिला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पत्नी ने हत्या का मामला दर्ज कराया था। तहरीर में बताया था कि पांच फरवरी रात करीब 11 बजे घर चार पहिया गाड़ी लेकर घर से निकला, रात में वापस न आने पर खोजबीन करने पर छह फरवरी को रेस्ट हाउस के पास गाड़ी में शव मिलने की सूचना पर पुलिस पहुंची। जहां पर गाड़ी का गेट खोलने पर देवेंद्र सिंह मृत अवस्था में बीच वाली सीट के नीचे पड़ा था।