घंटाघर से गोविंद सागर बांध तिराहे तक सड़क निर्माण का एस्टीमेट अब तीन हिस्सों में बनेगा
डीएम ने लोक निर्माण विभाग को नए सिरे से कार्य करने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। घंटाघर से गोविंद सागर बांध तिराहे तक साढ़े तीन किलोमीटर की लंबी सड़क शासन में चार साल से प्रस्तावित है। इसके लिए एकमुश्त राशि शासन से नहीं मिल पा रही है। ऐसे में जिला प्रशासन ने आम जनता को जल्द सुविधा मुहैया कराने के लिए अब टुकड़ों में एस्टीमेट तैयार कर शासन को भेजने की कार्ययोजना तैयार की है। जिससे कम धनराशि शासन से आसानी मंजूर हो जाए और सड़क का निर्माण कार्य प्रारंभ हो सके।
शहर का यह मुख्य मार्ग लंबे समय से खराब है, घंटाघर से गोविंद सागर तिराहे तक साढ़े तीन किलोमीटर लंबी सड़क के लिए लोक निर्माण विभाग पिछले चार सालों से शासन से धनराशि मांग रहा है। लेकिन, शासन द्वारा इस सड़क लिए धनराशि नहीं भेजी गई है। सड़क पर जगह-जगह पर गड्ढे हैं, जिससे साढ़े तीन किलोमीटर की दूरी तय करने में वाहन चालकों को आधा घंटे का समय लग जाता है।
विभाग ने इस सड़क निर्माण के लिए शासन से 24 करोड़ रुपये मांगे थे, जिसमें इस सड़क के जीर्णोद्धार सहित चौड़ीकरण की कार्ययोजना को शामिल किया गया है। शासन से इस धनराशि के मिलने के आसार नहीं दिख रहे। ऐसे में जिलाधिकारी आलोक कुमार सिंह ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को टुकड़ों में एस्टीमेट तैयार करने निर्देश दिए हैं।
शहजाद नदी के पुल का प्रस्ताव लंबित
इस रास्ते पर शहजाद नदी पड़ती है, जिसका पुल काफी जर्जर हो चुका है, इसका प्रस्ताव भी शासन में पड़ा हुआ है। पहले चरण में इस पुल तक सड़क निर्माण का एस्टीमेट तैयार करने की योजना बनाई जा रही है।
सड़क निर्माण के लिए शासन से एक मुश्त धनराशि का प्रयास किया जा रहा है। एक मुश्त धनराशि न मिलने की दशा में वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर इस मुख्य मार्ग का टुकड़ों में एस्टीमेट शासन को भेजने की तैयारी की जा रही है। जिससे शासन से जल्द की धनराशि स्वीकृत हो जाए और इस धनराशि से शहर के विकास को गति मिल सके।
-आलोक कुमार सिंह, जिलाधिकारी ललितपुर।