ललितपुर। जनपद में नियम विरुद्घ नीली, पीली बत्ती और हूटर लगी गाड़ियों के खिलाफ एआरटीओ ने सोमवार को कार्रवाई की। अभियान के तहत मध्य प्रदेश के एक अधिकारी की पीली बत्ती लगी गाड़ी पकड़ गई।
विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा नीली बत्ती और हूटरों का प्रयोग किया जा रहा है, जबकि प्रदेश में नीली बत्ती और हूटर लगाने पर प्रतिबंध है। इसके बाद भी जनप्रतिनिधि व विभागों के अधिकारियों द्वारा हूटर व नीली बत्ती का प्रयोग हो रहा है। कई जनप्रतिनिधियों के पास तो एक से अधिक गाड़ियां हैं और उन सभी पर हूटर, नीली अथवा पीली बत्ती का प्रयोग धड़ल्ले से किया जा रहा है।
इन्हीं सब के चलते एआरटीओ प्रवर्तन सोमलता यादव ने सोमवार को हाईवे पर चेकिंग के दौरान मध्य प्रदेश की अवैध रुप से एक पीली बत्ती लगी इनोवा गाड़ी को पकड़कर कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया। उन्होंने बताया कि जनपद में इस प्रकार से घूम रही गाड़ियों के खिलाफ अभियान चलता रहेगा। साथ ही ओवरलोड वाहनों और अनफिट वाहनों के खिलाफ भी सख्ती की जाएगी।