ललितपुर। कचनौंदा और लोअर रोहिणी बांध पर सुरक्षा व्यवस्था तथा टॉप सड़क के यातायात को सुगम बनाया जाएगा। इन दोनों बांधों पर करीब 17.86 करोड़ रुपये की लागत से सड़क और पैराविट का निर्माण कराया जाएगा।
सिंचाई विभाग ने इसके लिए निविदा प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी कर ली है। कचनौंदा बांध पर 8.50 करोड़ रुपये और लोअर रोहिणी बांध पर 9.36 करोड़ रुपये खर्च होंगे। समय के साथ बांधों की टॉप सड़क और पैराविट खराब हो गई थी। इस कारण यह सुधार कार्य आवश्यक हो गया है। कचनौंदा बांध पर 3.600 किलोमीटर की टॉप सड़क और इतने ही लंबाई का पैराविट बनेगा। लोअर रोहिणी बांध पर भी 3.600 किलोमीटर लंबी नई सड़क बनेगी। साथ ही इतने ही लंबाई का पैराविट कार्य भी कराया जाएगा। इन कार्यों से बांधों पर यातायात सुगम होगा और सुरक्षा भी बढ़ेगी।
कचनौंदा बांध एक नजर में
- 341.70 मीटर पूर्ण जलस्तर
- 334.75 मीटर न्यूनतम जलस्तर
- 69 एमसीएम पानी भंडारण क्षमता
- 10 हजार हेक्टेयर भूमि सिंचित क्षेत्र
- 12 हजार किसान लाभांवित
लोअर रोहिणी बांध एक नजर में
- 368.00 मीटर पूर्ण जलस्तर
- 363.00 मीटर न्यूनतम जलस्तर
- 12.74 एमसीएम पानी भंडारण क्षमता
- 1800 हेक्टेयर भूमि सिंचित क्षेत्र
- 1250 किसान लाभांवित
-
जल जीवन मिशन योजना के लिए दोनों बांध उपयोगी
हर घर जल नल योजना के तहत गांवों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के लिए यह दोनों बांध काफी उपयोगी है। कचनौंदा बांध पर कचनौंदा ग्राम समूह पेयजल योजना संचालित है। जिसमें प्रतिदिन 26 एमएलडी पानी लिया जाता है। इस योजना के तहत 61 गांवों के 22452 परिवारों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया जाता है। वहीं लोअर रोहिणी बांध पर सुकुलगुवां ग्राम समूह पेयजल परियोजना संचालित है। जिसके तहत प्रतिदिन चार एमएलडी पानी लिया जाता है और 16 गांवों के 3297 परिवारों तक पहुंचाया जाता है।
-
कचनौंदा और लोअर रोहिणी बांध पर करीब 17.86 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण और सुधार कार्य कराए जाएंगे। इसमें बांधों के टॉप रोड, पैराविट सहित अन्य कार्य शामिल है। कार्य कराने के लिए निविदा प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
अजय कुमार, अधिशासी अभियंता, सिंचाई निर्माण खंड प्रथम