ललितपुर। तहसील महरौनी के बानपुर- महरौनी संपर्क मार्ग के बीच पुतलीघाट से लेकर सुनवाहा गांव तक संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त होने के कारण ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पुतलीघाट से सुनवाहा तक की सड़क लंबे समय से क्षतिग्रस्त पड़ी है, लेकिन जिम्मेदार अफसर इस ओर ध्यान नहीं देने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसी रास्ते से सुनवाहा, दिदोरा, नेगुंआ, सिमिरिया, दरौनी और ढंगरया के लोगों का भी आनाजाना होता है। सड़क को सही कराने के लिए ग्रामीणों ने कई बार जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को ज्ञापन दिए, लेकिन समस्या का अभी तक कोई भी निराकरण नहीं हो पाने से ग्रामीण परेशान हैं। संपर्क मार्ग न सुधरने से क्षतिग्रस्त मार्ग में गड्ढे होने की वजह से आए दिन दुर्घटनाएं हो रहीं हैं।
ग्राम सुनवाहा की सड़क को बने कई वर्ष हो गए। करीब 12 सालों से ऐसी ही खुदी हुई है। यह सड़क गड्ढ़ों में तब्दील हो गई है। शिकायत करने पर हर बार आश्वासन मिलता है।
- बीएम बिरथरे
सड़क पर बड़े- बड़े गड्ढे हो जाने से आए दिन हादसे होते रहते हैं। सड़क मात्र दो किमी है, जो पुतलीघाट से अंदर की तरफ़ है, लेकिन इस पर से चलकर अन्य पांच गांवों के लोग भी जाते हैं।
- महेंद्र राजा
जिलाधिकारी की चौपाल में समस्त ग्रामीणों ने यह मुद्दा उठाया था। अधिकारी को कई बार ज्ञापन भी दिया गया, लेकिन किसी ने नहीं सुना। सरकारें आईं और चलीं गईं, सड़क वहीं की वहीं है।
- जगदीश प्रसाद
इस सड़क की समस्या के कारण गांव में व्यापारी और रिश्तेदार आने में हिचकिचाते हैं। अब किस से उम्मीद रखें, हमें प्रशासन की उदासीनता का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।
- सत्यनारायण शास्त्री
पुतली घाट से लेकर सुनवाहा तक की सड़क के लिए बजट पास हो गया है 10- 15 दिन मेें इसका टेंडर लग जाएगा। शीघ्र ही उक्त मार्ग का निमार्ण कार्य शुरू होगा।
- जयश्री खटीक, जिला पंचायत अध्यक्ष