संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। आधा दर्जन गांव के संपर्क मार्ग जल्द ही दुरुस्त किए जाएंगे। शासन ने इन मार्गों की मरम्मत व नवीनीकरण के लिए 41.2 लाख रुपये का बजट जारी कर दिया है। लोक निर्माण विभाग निर्माण खंड ने निर्माण के लिए तैयारियां शुरू कर दी हैं।
ब्लॉक बार, बिरधा व तालबेहट के आधा दर्जन गांव के संपर्क मार्ग जर्जर हैं। इन मार्गों का लंबे समय से मरम्मत व नवीनीकरण नहीं किया गया था। गड्ढायुक्त सड़कों से वाहन तो दूर राहगीरों का पैदल चलना दुश्वार हो रहा है।
लोक निर्माण विभाग ने सड़कों की मरम्मत के साथ ही निर्माण के लिए प्रस्ताव भेजा था। शासन ने बीते दिनाें प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है। इसके साथ ही बजट भी जारी कर दिया है। लोक निर्माण विभाग ने बजट मिलने के बाद सड़कों के निर्माण के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है। टेंडर निकालकर निविदाएं मांगी गई हैं।
अधिकारियों का कहना है कि निविदा प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। दो माह में सड़कें बनकर तैयार हो जाएंगी। इससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा हो जाएगी।