road recontructed before festival
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वीडियो कॉफ्रेंसिंग के माध्यम से जिले में संचालित विकास कार्यक्रमों एवं विकासपरक योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने पीडब्ल्यूडी, नगर विभाग, सिंचाई विभाग सहित अन्य विभाग सड़कों को आगामी त्योहारों से पूर्व गड्ढामुक्त कराने के निर्देश दिए, साथ ही कोरोना के मामलों में मृत्यु दर को घटाने एवं रिकवरी रेट को बढ़ाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने पर्यटन के विकास के लिए सांसद एवं विधायक निधि से पूरा कराने को कहा। जिलाधिकारी अन्नावि दिनेशकुमार ने कलक्ट्रेट एनआईसी वीडियो कॉफ्रेंसिंग रूम से जनपद के विकास कार्यक्रमों, योजनाओं एवं कानून व्यवस्था की बिंदुवार प्रगति से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
डीएम ने बताया कि सिंचाई व्यवस्था के तहत 29.64 करोड़ की लागत की जाखलौन पंप नहर पर 3.42 मेगावाट क्षमता के कैप्टिव केनाल टॉप सोलर पीवी प्लांट अक्तूबर के अंत तक यहां पर प्लांट पूरी तरह से शुरू हो जाएगा। उप्र आवास एवं विकास परिषद की 10.04 करोड़ की लागत की आवासीय भवनों का निर्माण परियोजना का कार्य तथा जल निगम की 49.87 करोड़ की लागत की 02 (रानीपुरा एवं पवा) पेयजल परियोजनाओं का क्रमश: 77 एवं 36 प्रतिशत पूर्ण होना बताया।
डीएम ने बताया कि गोवंश आश्रय स्थलों में 14 स्थाई/अस्थाई/गोवंश वन्य विहार हैं, जिनमें 20347 गोवंश संरक्षित हैं। मनरेगा योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2020-2021 में 100 दिवस का रोजगार देकर प्रदेश में जनपद का द्वितीय स्थान है। स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण योजना के तहत जनपद में 1,16,532 शौचालय निर्मित कराये गए। 1234 प्राथमिक विद्यालयों में 2468 शौचालय तथा 568 आंगनबाड़ी केन्द्रों पर शौचालय निर्मित कराये गए हैं।
कोविड मामलों में डीएम ने सीएम को बताया कि कुल पॉजिटिव केसों की संख्या 2513 है, जिसमें से 2149 मरीज ठीक व वर्तमान में 325 एक्टिव केस हैं। वहीं, जनपद में कोरोना से 39 लोगों की मृत्यु हुई है। जनपद की मृत्यु दर 1.55 है। अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि जल निगम तथा निर्माण कार्यों से जुड़ी कार्यदायी संस्थाओं को अपनी कार्यपद्धति में सुधार लाने की आवश्यकता है।