गांधीनगर चंडी मंदिर के पास सड़क पर भरा बारिश का पानी
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। पिछले कई दिनों से बारिश का इंतजार कर रहे किसानों की मुराद पूरी हो गई। मंगलवार की शाम झमाझम बारिश हुई, इससे नगर में जगह-जगह सड़कों पर जलभराव हो गया। इससे आने-जाने वाले लोगों को काफी परेशानी आई।
जुलाई में कम ही बारिश हुई है। इससे किसानों की खेतों में खड़ी फसलें पानी के अभाव में मुरझाने लगी थी। वहीं, शहर में लोग उमस भरी गर्मी से परेशान थे। सभी लोग आसमान में काले बादल बनने का लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। मंगलवार की शाम इंद्रदेवता ने सुन ली। देखते ही देखते आसमान में काले घने बादल दा गए। इसके उपरांत बादल घुमड़-घुमड़कर खूब बरसे। इस दौरान नालियां उफना गईं और उसका पानी सड़कों से बह गया।
चंडी मंदिर के पास, गांधीनगर, आजादपुरा, तालाबपुरा, विदुुआ कॉलोनी, बसुंधरा कॉलोनी में जगह-जगह पानी के भराव की समस्या हो गई। बसुंधरा कॉलोनी, आजादपुरा, विदुआ कॉलोनी सहित कई बस्तियों में खाली प्लॉटों में भी पानी भर गया। जिसे लेकर आसपास के लोग चिंतित थे। इस बारिश से बचने के लिए लोग छाता लेकर बाजार में दिखे। कुछ बच्चे बारिश के पानी से बचने के लिए सिर पर बोरी रखे नजर आए। उधर, किसानों का कहना है कि इस बारिश से सूख रही फसलों को काफी लाभ हुआ है।
बोरी से सिर को ढककर बारिश से बचते बच्चे- फोटो : LALITPUR