कस्बा सैदपुर से चार किलोमीटर गढ़ौली कला के लिए बना संपर्क मार्ग दो साल भी नहीं चल सका सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं। कई जगह तो सड़क पूरी तरह उखड़ चुकी है। ग्रामीणों ने संपर्क मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार गढ़ौली कलां संपर्क मार्ग की दूरी सैदपुर से लगभग चार किलोमीटर है। यह मार्ग लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत आता है। कुछ सालों से यह मार्ग गड्ढाें में तब्दील हो गया था। इस मार्ग से गुजरने वालों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था, इस समस्या के समाधान के लिए स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने तहसील दिवस के साथ साथ अलग से विभागीय अधिकारियों को संबंधित समस्या से अवगत कराया।
तमाम प्रयासों के बाद दो वर्ष पहले लगभग 25 लाख रुपये की लागत से संपर्क मार्ग का नवीनीकरण का कार्य कराया गया, लेकिन यह मार्ग दो साल भी नहीं चल सका नतीजतन आवागमन फिर से प्रभावित होने लगा सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए है और कोलतार की कमी से गिट्टी उखड़ कर बाहर निकलने लगी है। प्रदेश के मुखिया ने सभी सड़कें 15 जून तक गड्ढा मुक्त कराने का वादा किया था। लेकिन ग्रामीण इलाकों में खराब पड़ी गड्ढा युक्त सड़कों की तरफ किसी का ध्यान नहीं गया। बरसात के मौसम में इस सड़क की हालत और खराब हो जाएगी, इस मार्ग पर चलना और दूभर हो जाएगा।
इनका है कहना
सैदपुर से गढौली कला के लिये बने संपर्क मार्ग पर गड्ढे होने की जानकारी नहीं है। इस मार्ग का शीघ्र ही निरीक्षण कराकर निर्णय लिया जायेगा कि इस मार्ग पर गड्ढे भरवाने से काम चल सकता है या नवीनीकरण की जरूरत है ।
रामसूरत, अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग