संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। पाइपलाइन बिछाए जाने के बाद पांच माह बाद भी सड़क की मरम्मत नहीं की गई है। गली में बहते पानी से स्कूली बच्चों को अधिक परेशानी हो रही है। समस्या को लेकर पूर्व सभासद रविंद्र कुमार शर्मा ‘लवली’ ने जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर सड़क की मरम्मत कराए जाने की मांग की है।
नगर के मोहल्ला आजादपुरा व गांधीनगर के मध्य की सड़क की शांतिनाथ जैन मंदिर व भुवनेश्वरी मंदिर के पास पांच माह पूर्व खोदाई की गई थी। इसमें पाइपलाइन भी बिछा दी गई है। लेकिन, अब तक सड़क की मरम्मत नहीं की गई है। इससे खस्ताहाल सड़क से होकर आवागमन मुश्किल हो रहा था। अब बीच गली में नालियों से बहते पानी से समस्या विकराल हो गई है। श्रद्धालु मार्ग से सुरक्षित मंदिर तक नहीं जा पा रहे हैं। आरोप है कि कई बार संबंधित विभागीय अधिकारियों को सूचना देने के बाद भी मरम्मत नहीं की गई है।