- जल्द बनेगी दो किलोमीटर मार्ग में सड़क, 74.75 लाख रुपये की प्रथम किस्त जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। ब्लॉक महरौनी अंतर्गत कस्बा बानपुर के मजरा हसरैयन के वाशिंदों को सड़क की सुविधा होगी। इस दो किलोमीटर के मार्ग में 1.29 करोड़ से सड़क का निर्माण किया जाएगा। शासन से स्वीकृति देते हुए प्रथम किस्त 74.75 लाख जारी कर दी है। विभाग ने निर्माण को लेकर तैयारियां शुरू कर दी है।
बानपुर के मजरा हसरैयन मार्ग से बनौनी-दैलवारा संपर्क मार्ग कच्चा है। वाहनों की आवाजाही से मार्ग गड्ढों में तब्दील हो गया है। ऐसे में सुरक्षित निकलना तक दुश्वार हो गया है। कई बार बाइक सवार अनियंत्रित होकर गिर तक जाते हैं। समस्या को दूर करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने प्रस्ताव बनाकर दो किलोमीटर मार्ग में सड़क के निर्माण को स्वीकृति के लिए भेजा था। शासन ने 1.29 करोड़ से सड़क के निर्माण को स्वीकृति देते हुए प्रथम किस्त 74.75 लाख रुपये जारी कर दिए हैं।
शासन से स्वीकृति मिलने के बाद विभाग ने टेंडर प्रकिया की तैयारियां शुरू कर दी हैं। टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने के साथ ही निर्माण किया जाएगा। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि निविदा प्रक्रिया पूर्ण होते ही कार्य शुरू किया जाएगा।
वर्जन
हसरैयन मार्ग में सड़क निर्माण को शासन से स्वीकृति मिल गई है। जल्द ही सड़क का निर्माण शुरू किया जाएगा।
-अजय सचान, सहायक अभियंता, लोक निर्माण विभाग