तालबेहट। लॉकडाउन में खाद्यान्न सामग्री लेकर जा रही मालगाड़ी की बोगी का ताला तोड़कर चावल चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को रेलवे पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने 20 बोरी चोरी का चावल भी बरामद किया है। शेष आरोपियों की तलाश में कई जगह दबिश दी गई।
ईद के एक दिन पहले 24 मई को एक मालगाड़ी तालबेहट बबीना सेक्टर अंतर्गत माताटीला रेलवे स्टेशन पर खड़ी थी। इसी बीच चोरों ने उसके एक बोगी का ताला तोड़कर उसमें रखी चावल के कई बोरियां चोरी कर लीं। जब गाड़ी अपने गंतव्य पर पहुंची तब इसकी जानकारी रेलवे अधिकारियों को हुई। इस पर रेलवे पुलिस चोरों का पता लगाने जुट गई। पुलिस को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि चोरी की घटना को तालबेहट क्षेत्र के कुछ लोगों ने अंजाम दिया है। इस पर पुलिस ने दबिश देकर दो आरोपी और उनके पास से चोरी का बीस बोरी चावल बरामद किया। आरोपियों के नाम जितेंद्र पुत्र सुदामा निवासी ग्राम बनगुवाकलां, अजय पुत्र रामचरन निवासी ग्राम प्यासी थानागांव हैं। पुलिस के अनुसार इस प्रकरण में आधा दर्जन और लोग सक्रिय थे, जिनकी तलाश जारी है। खुलासे में तालबेहट आरपीएफ थानाध्यक्ष बीएन सिंह, उपनिरीक्षक दयाराम, झांसी सीआईवी ब्रांच के एसएन पाटीदार सहित ललितपुर सीआईबी ब्रांच के भूमिका रही। पुलिस सूत्रों ने बताया कि इस चोरी कांड में क्षेत्र के कई रसूखदार लोगों के परिजन शामिल हैं, जिनकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।