ललितपुर। थाना कोतवाली अंतर्गत रेलवे मालगोदाम के पीछे पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से एक रिटायर्ड रेल कर्मी की मौत हो गई। भैंस चराते समय वह गड्ढे में पानी में उतर गए और गहराई में धंसने से उसकी मौत हो गई। जानकारी पर पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना कोतवाली अंतर्गत मोहल्ला नेहरूनगर निवासी लक्ष्मीनारायण (74) पुत्र कुंदीलाल रेलवे से सेवानिवृत्त थे। वह कुछ वर्षों से दूध बेचने का काम करते थे। मंगलवार को वह रोज की तरह भैंसें चराने के लिए रेलवे मालगोदाम के पीछे गए थे। जहां भैंसों को पानी से निकालने के लिए वह पानी से भरे गड्ढे में उतर गए, थोड़ी ही देर में वह वहां गहरे पानी में डूबने लगे, जिस पर उन्होंने बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं हो सके। आसपास के लोगों ने भी उन्हें बचाने की कोशिश की। जानकारी मिलने पर नई बस्ती पुलिस चौकी इंचार्ज संदीप सेंगर पुलिस कर्मचारियों के साथ पहुंचे और वृद्ध के शव की तलाश शुरू की। लेकिन, रात में अंधेरा हो जाने से उसे नहीं खोजा जा सका। बुधवार की सुबह फिर से उसकी तलाश शुरू की, जहां पानी में उतरने के बाद कुुछ ही दूरी पर वह दिखाई दे गया और उसे खींचकर बाहर निकाला गया। मृतक का एक पुत्र है।