संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। परिषदीय विद्यालयों में कक्षा एक से आठवीं तक की वार्षिक परीक्षा संपन्न होने के बाद मूल्यांकन कार्य पूरा किया जा चुका है। शुक्रवार को शिक्षकों ने परीक्षाफल तैयार कर लिया। अब शनिवार को स्कूलों में छात्रों को परीक्षाफल वितरित किया जाएगा।
20 से 27 मार्च तक वार्षिक परीक्षा आयोजित की गई थी। इसके बाद कॉपियों का मूल्यांकन शुरू किया गया था। 28 मार्च को संकुल केंद्रों पर कक्षा पांच व आठवीं के पेपर की कॉपियों का मूल्यांकन पूरा किया गया। अब शनिवार को परीक्षाफल वितरित किए जाएंगे। इसके लिए स्कूल स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। वार्षिक परीक्षा का रिजल्ट मिलने को लेकर छात्र-छात्राओं में काफी उत्सुकता देखी जा रही है। साथ ही अगली कक्षा में जाने को लेकर रोमांचित हैं।