संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। गलन भरी सर्दी पड़ने से निमोनिया व सांस रोगियों की संख्या दोगुनी हो गई है। जिला अस्पताल में फिजीशियनों की ओपीडी में आ रहे 300 मरीजों में बीस फीसदी सांस रोगी हैं। चिकित्सकों का कहना है कि सर्दी बढ़ने से सांस रोगी बढ़े हैं। वर्तमान में 30 सांस रोगी विभिन्न वार्डों में भर्ती हैं। वहीं, बाल रोग विशेषज्ञों की तीन ओपीडी में प्रतिदिन लगभग 200 बच्चे सर्दी जुकाम की समस्या लेकर आ रहे हैं। इनमें दस फीसदी बच्चों में निमोनिया की शिकायत है। चिकित्सकों ने सर्दी से बचाव करने की सलाह दी है।
तीन दिनों से पड़ रही गलन भरी सर्दी ने सांस रोगियों की समस्या बढ़ा दी है। जिला अस्पताल के फिजीशियन डॉ. अंबिका प्रसाद ने बताया कि इस समय जरा सी लापरवाही सांस रोगियों को दिक्कत में डाल रही है। प्रतिदिन सांस के करीब 60 रोगी आ रहे हैं। इनमें वृद्धजनों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जेनेटिक वार्ड में भर्ती किया जा रहा है। इस समय बुजुर्ग वार्ड के सभी पलंग सांस रोगियों से भरे हैं। 15 से 20 मरीज अन्य वार्डों में भर्ती हैं। वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. आरपी सिंह ने बताया कि सांस रोगियों को सर्दी से बचाव की जरूरत है। सुबह शाम घरों में गर्म कपड़े पहन कर रखें। ठंडी वस्तुएं खाने से परहेज करें।
बाल रोग विशेषज्ञ की ओपीडी में प्रतिदिन आ रहे निमोनिया के 20 मरीज
सर्दी में लापरवाही बच्चों पर भारी पड़ रही है। वे सर्दी, जुकाम, खांसी में ध्यान न देने पर निमोनिया की चपेट में आ रहे हैं। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. आकृति ने बताया कि ओपीडी में प्रतिदिन 30 से 40 बच्चे आ रहे हैं, इनमें 10 से 12 बच्चे निमोनिया से ग्रसित हैं। उन्होंने बताया कि बच्चों का सिर व पैर पूरी तरह ढंक कर रखें। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. मनीष कुमार की ओपीडी में प्रतिदिन चार से पांच बच्चे निमोनिया से ग्रसित आ रहे हैं। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. डीबी सिंह ने बताया कि बच्चों को सर्दी से बचाव की अधिक जरूरत है। खाना खिलाते समय हाथ साफ करें। जुखाम, खांसी होने पर तत्काल चिकित्सक से इलाज कराएं।
-
- बच्चों का सर्दी से बचाव करें।
- बच्चों को साफ-सफाई से रखें।
- बाहर की वस्तुएं न खिलाएं।
- ठंडे व खट्टे पदार्थ न खिलाएं।
- सिर व पैर को पूरी तरह से ढंककर रखें।
-
प्रतिदिन 50 इनहेलर हो रहे वितरित
जिला अस्पताल स्थित दवा वितरण कक्ष में काफी संख्या में सांस रोगी पहुंच रहे हैं। यहां प्रतिदिन 50 सांस रोगियों को इनहेलर दिया जा रहा है।