- कमिश्नर, डीएम व एसपी ने सदर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में सुनीं जनशिकायतें
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। सदर तहसील में संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान मंडलायुक्त विमल कुमार दुबे ने फरियादियों की समस्याओं को सुना, साथ ही उन्हें निस्तारण के निर्देश दिए। तहसील दिवस के दौरान सबसे ज्यादा शिकायतें भूमि व सिंचाई संबंधी आईं। जिलाधिकारी सत्यप्रकाश व पुलिस अधीक्षक मोहम्मद मुश्ताक भी जनसुनवाई के दौरान मौजूद रहे। उन्होंने एक-एक कर शिकायतकर्ताओं को अपने पास बुलाया, साथ ही उनकी शिकायतों का निस्तारण किया।
मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि यहां पर अधिकांश शिकायतें भूमि विवाद संबंधी आती हैं, इन शिकायतों में राजस्व व पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर जाकर स्थलीय सत्यापन करे और निष्पक्ष व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराएं। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण का मानक पीड़ित की संतुष्टी होनी चाहिए। समय से प्रत्येक शिकायत का निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. इंतियाज अहमद, उपजिलाधिकारी सदर मनीष कुमार, प्रभारी डीएफओ सत्येंद्र तोमर, पीडी डीआरडीए दीपक यादव, जिला विकास अधिकारी अतिरंजन सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी कुंवर सिंह यादव, जिला विद्यालय निरीक्षक ओपी सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी उमेशचंद्र मिश्रा, जिला समाज कल्याण अधिकारी संजय श्रीवास्तव, उपायुक्त उद्योग अतहर जमाल, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका दिनेश कुमार विश्वकर्मा उपस्थित रहे। तालबेहट में अपर जिलाधिकारी व अन्य तहसीलों में उपजिलाधिकारी की मौजूदगी में समाधान दिवस में समस्याओं का समाधान किया गया।
-
संपूर्ण समाधान दिवस में यह आए शिकायती पत्र
तहसील का नाम- शिकायतों की संख्या- निस्तारण
ललितपुर - 54 - 05
तालबेहट - 62 - 09
मड़ावरा - 10 - 02
महरौनी - 14 - 01
पाली - 07 - 01