ललितपुर। जिलास्तरीय टास्क फोर्स की उदासीनता शिक्षा विभाग पर भारी पड़ रही है। टास्क फोर्स की रिपोर्ट के अभाव में अधूरे भवनों को अगली किस्त अवमुक्त नहीं हो पा रही है, जिस पर डीएम ने नाराजी जाहिर करते हुए रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
जिले में तालबेहट, महरौनी, जखौरा व कल्यानपुरा में छात्रावास का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच गया है। कमोवेश यही स्थिति राजकीय हाईस्कूल पठा, धौरीसागर की है। वहीं, राजकीय हाईस्कूल बानौनी बजट की कमी से जूझ रहा है। बीते दिनों जिलाधिकारी डा. रूपेश कुमार ने निर्माण को गति दिलाने के उद्देश्य से जिलास्तरीय टास्क फोर्स को भवनों का सत्यापन करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद भी टास्क फोर्स के सदस्यों ने अपने कार्यालयों को नहीं छोड़ा है। जिससे भवनों की वास्तविक स्थिति सामने नहीं आ पा रही है।
सोमवार को डीएम डा. रूपेश कुमार ने टास्क फोर्स के सदस्यों ने अपनी नाराजी प्रकट करते हुए निर्माणाधीन भवनों की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि पूर्ण भवनों को हैंडओवर लेने व अधूरे भवनों को किस्त जारी करने की प्रक्रिया पूरी की जा सके। गौरतलब है कि भवनों की गुणवत्ता व प्रगति का सत्यापन करने के लिए एक जिलास्तरीय टास्क फोर्स गठित की गई है, जिसमें पीडब्ल्यूडी व आरईएस के अधिशासी अभियंता व जिला विद्यालय निरीक्षक शामिल हैं।