मड़ावरा। तहसील क्षेत्र के ग्राम बनयाना में ग्राम सभा की जमीन पर अवैध कब्जे की नीयत से निर्माण कार्य कराए जाने पर ग्राम प्रधान समेत छह ग्रामीणों के विरुद्ध स्थानीय लेखपाल की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई। तहसील क्षेत्र मड़ावरा अंतर्गत गांव बनयाना क्षेत्र के लेखपाल हरिशंकर ने नाराहट पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बनयाना के वर्तमान ग्राम प्रधान खूबचंद पुत्र शिबू, विश्राम पुत्र शिबू, विनोद पुत्र बंदू, शीतल पुत्र हरगोविंद,विमल पुत्र छिम्मा और सुरेंद्र पुत्र भगौने निवासीगण बनयाना ने ग्रामसभा की आराजी संख्या 993 पर अवैध कब्जे की नीयत से कलई चूना डालकर निर्माण कार्य कराया। 18 फरवरी को क्षेत्रीय राजस्व निरीक्षक धन्नालाल एवं लेखपाल हरिशंकर ने उन्हें निर्माण कार्य बंद कराने को कहा, लेकिन उन्होंने निर्माण नहीं रोका। 20 फरवरी को ग्राम प्रधान व अन्य आरोपियों ने उपजिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनके द्वारा आवास का निर्माण कराया जा रहा है। जिसे लेखपाल रोक रहे हैं। निर्माण कार्य की जांच एवं आराजी की पैमाइश के उपरांत लेखपाल की तहरीर पर नाराहट थाना पुलिस ने ग्राम प्रधान समेत सभी छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
क्या बोले जिम्मेवार-
बनयाना में ग्रामसभा की भूमि पर ग्राम प्रधान की शह पर अवैध निर्माण कार्य कराए जाने की शिकायत पर राजस्व विभाग की टीम से जांच कराई गई। जिसमें शिकायत सही पाए जाने पर प्रधान समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।- संजय कुमार पांडेय, उपजिलाधिकारी मड़ावरा