ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पनारी में बुधवार की रात को ग्रामीण की पत्थर से सिर कुचलकर हत्या करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने ग्राम प्रधान समेत पांच आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। चार हत्यारोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पनारी निवासी प्रीतम अहिरवार ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसका भाई बबलू उर्फ कैलाश नारायण (50) पुत्र भैयालाल अहिरवार बुधवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे मजदूरी करने के लिए जय गोपाल दिशत की टाल पर लकड़ी का काम करने गया था। देर शाम को जब वह वापस नहीं आया तब उन्होंने पता किया तो पनारी रोड पर चिगलऊआ वालों के मकान के सामने पुलिया के पास गांव के ग्राम प्रधान बलवंत सिंह, बृजलाल, खिलावन पुत्रगण फेरन अहिरवार, सतीश और कोमल ने मिलकर उसके भाई बबलू को ईंट, पत्थर से मारकर फेंक दिया था।
उसे सूचना मिली तो वह मौके पर गए। वहां अपने भाई को एंबुलेंस से सरकारी अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसके भाई को मृत घोषित कर दिया। उनका सभी से जमीन का विवाद चल रहा है। कोतवाली पुलिस ने सभी लोगों के खिलाफ हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। कोतवाली पुलिस ने मामले में दबिश देकर चार हत्यारोपियों बृजलाल, खिलावन, सतीश एवं कोमल अहिरवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
पकड़े गए चारों आरोपी मृतक के चचेरे भाई व भतीजे हैं
हत्या के मामले में पकड़े गए हत्यारोपी कोमल, बृजलाल, खिलावन मृतक के चचेरे भाई हैं, जबकि हत्यारोपी सतीश चचेरे भाई बेटा है। इसमें एक हत्यारोपी बृजलाल थाना पाली में होमगार्ड के पद पर तैनात है।