विद्युत बकाएदारी वसूलने के लिए अब आम लोगों के अलावा सरकारी विभागों पर भी शिकंजा कसेगा। इस मुहिम के तहत एक लाख से अधिक बकाएदारी रखने वालों की सूची तैयार कर ली गई है। विद्युत विभाग ऐसे बकाएदार सरकारी संस्थानों के खिलाफ 15 मार्च तक वसूली अभियान चलाएगा। सूची तैयार करने के साथ ही एमडी ने सभी सरकारी संस्थानों का ब्यौरा तलब किया है। विभाग की सूची में नगर क्षेत्र में पुलिस विभाग पर ही अकेले करीब 76 लाख 76 हजार रुपए की विद्युत बकाएदारी है। बकाएदारी अदा न करने वाले सरकारी संस्थानों के खिलाफ विभाग ने नोटिस देने की तैयारी शुरु कर दी है। एक लाख से अधिक के बकाएदार सभी संस्थानों के कनेक्शन भी काटे जाएंगे, इसमें किसी प्रकार की कोई रियायत नहीं दी जाएगी।
विद्युत विभाग द्वारा आम लोगों से राजस्व वसूली के लिए आए दिन वसूली अभियान चलाकर पांच और दस हजार रुपए से अधिक की बकाएदारी होने पर साल भर विद्युत उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए और बिना भुगतान किए ही दोबारा कनेक्शन जोड़ने पर विद्युत अधिनियम के तहत विद्युत चोरी में एफआईआर भी दर्ज कराई गईं। लेकिन, वहीं सरकारी विभागों को बिजली महकमे द्वारा रियायत भी दी गई, जिसमें कई लाख रुपए तक बकाया होने पर विभाग द्वारा न तो सरकारी विभागों के कनेक्शन ही काटे गए और न ही इनके खिलाफ विद्युत चेकिंग ही की गई, जिससे आम लोगों में विभाग की इस नीति से आम लोगों में रोष भी था, लेकिन अब उत्तर प्रदेश पावर कार्पोरेशन ने ऐसे सरकारी विद्युत बकाएदारों के खिलाफ शिकंजा कस दिया है। मार्च माह में विद्युत बकाया के लिए फंड भी शासन द्वारा मिलने लगता है। यह देखते हुए एमडी आगरा ने एक लाख रुपए से अधिक के बकाएदार अब सभी गैर सरकारी संस्थानों के साथ ही सभी सरकारी संस्थानों की सूची तलब की है और इन संस्थानों के खिलाफ 15 मार्च तक विद्युत वसूली अभियान चलाने के निर्देश जारी किए हैं। यदि कोई सरकारी या गैरसरकारी संस्थान जिस पर एक लाख से अधिक का बकाया चल रहा है और भुगतान नहीं करता है तो उसका विद्युत कनेक्शन काटने के भी निर्देश जारी किए हैं, ताकि शासन का राजस्व वसूली का संदेश स्पष्ट रुप से सभी तक पहुंच सके, जिसके चलते विद्युत विभाग के अधिकारियों द्वारा सभी सरकारी संस्थानों की सूची तैयार कर आलाधिकारियों को भेज दी है। सूची के अनुसार सरकारी संस्थानों पर करीब दस करोड़ रुपए बकाया बताया गया है, इसमें नगर क्षेत्र में ही अकेले पुलिस विभाग पर करीब 76 लाख 76 हजार रुपए की बकाएदारी चल रही है, जबकि इसी प्रकार अन्य विभागों का ब्यौरा भी तैयार किया गया है। विद्युत विभाग द्वारा सूची के बाद अब इनके खिलाफ नोटिस तैयार कर सभी बकाएदार विभागों को शीघ्र ही जारी किए जाएंगे।
इनका कहना है
जनपद में सभी सरकारी विद्युत बकाएदार विभागों की सूची तैयार की गई है और सभी बकाएदार विभागों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं, इसके बाद भी यदि कोई सरकारी संस्थान बकाएदारी नहीं चुकाता है तो अधिकारियों के निर्देश के क्रम में उन विभागों के विद्युत कनेक्शन काटे जाएंगे।
डीआर विमलेश, अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड, प्रथम ललितपुर।
काशीराम कालोनी में चलाया वसूली अभियान
विद्युत विभाग द्वारा अब काशीराम कालोनी में भी सोमवार से वसूली अभियान शुरु कर दिया है। यहां पांच हजार रुपए से अधिक के बकाएदारों से विद्युत वसूली की गई। विभाग द्वारा सिद्घनपुरा में सोमवार को आईटीआई के पीछे स्थित काशीराम कालोनी में अभियान चलाया, जिसमें विद्युत बकाएदारों से वसूली के साथ ही उनकी समस्या का निस्तारण भी किया गया। उपखंड अधिकारी प्रथम अखिलेश कुमार वर्मा के निर्देशन में अवर अभियंता पंकज मौर्य की टीम ने यहां अभियान चलाते हुए बकाएदारों को चेतावनी दी कि यदि कोई बकाएदार बकाया नहीं चुकाता है तो उसका कनेक्शन काट दिया जाएगा। विद्युत टीम में टीजीटू रमेश कुशवाहा, अरविंद पाखरे, रमाकांत शामिल रहे।
तालबेहट में विद्युत मेगा शिविर आज
तालबेहट के विद्युत उपखंड अधिकारी महेश चंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि तालबेहट में 66 केवी विद्युत सब स्टेशन पर मेगा विद्युुत शिविर का आयोजन आज मंगलवार को सुबह दस बजे से लगाया जाएगा। इसमें उपभोक्ताओं के बिलों की त्रुटियां विद्युत संबंधी समस्याओं का निदान किया जाएगा और उपभोक्ताओं के विद्युत बिल जमा कराए जाएंगे।