ललितपुर। कोरोना महामारी से बचाव के लिए चलाए जा रहे कोविड टीकाकरण अभियान से वंचित 1200 फ्रंटलाइन वर्करों को टीकाकरण की तैयारी पूरी हो गई है। सोमवार को 12 सत्रों में नौ स्थानों पर लाभार्थियों को वैक्सीनेशन किया जाएगा।
पांच हजार लाभार्थियों के सापेक्ष 3800 फ्रंटलाइन वर्करों का अब तक टीकाकरण किया गया है।
वैश्विक बीमारी कोरोना वायरस संक्रमण से बचाव को लेकर कोविड वैक्सीन की डोज लगाई जा रही है। पहले चरण में स्वास्थ्य विभाग ने शासन के निर्देशन पर स्वास्थ्य कर्मियों को डोज लगाई है। दूसरे चरण में फ्रंटलाइन वर्करों का टीकाकरण चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने छूटे हुए फ्रंटलाइन वर्करों को टीकाकरण करने की तैयारी पूरी कर ली गई है। जिले में 1200 फ्रंटलाइन वर्कर टीकाकरण अभियान में टीका पाने से वंचित रह गए हैं। इनमें पुलिसकर्मी, राजस्व, सफाई कर्मचारी है। टीकाकरण में तय समय पर उपस्थित नहीं हो सके, इसके अलावा कुछ अन्य कारणों के चलते ही भी टीकाकरण नहीं हो सका है। हालांकि अब सोमवार को जिले में नौ स्थानों पर 12 सत्र लगाकर वैक्सीन का डोज दी जाएगी। इसके लिए पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन संबंधित सेंटर पर सुरक्षित पहुंच गई है। प्रत्येक सत्र में 100 टीकाकरण का लक्ष्य दिया गया है। जिला अस्पताल पुरुष में दो सत्र, जिला महिला अस्पताल में दो सत्र व पुलिस लाइन में भी दो सत्र लगाए हैं। इसके अलावा एक-एक सत्र सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालबेहट, महरौनी, मड़ावरा, बार, बिरधा और जखौरा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर भी एक-एक सत्र लगाए गए हैं।
द्वितीय चरण के टीकाकरण के दौरान लगभग 1200 फ्रंटलाइन वर्कर डोज पाने से वंचित रह गए हैं, जिन्हें सोमवार को कोविड वैक्सीन टीकाकरण किया जाएगा।
- डॉ. डीके गर्ग, मुख्य चिकित्सा अधिकारी