ललितपुर। मेडिकल कॉलेज के नाक, कान व गला रोग विभाग की विभागाध्यक्ष डाॅ. नम्रता द्विवेदी ने महिला के पैरोटिड (लार ग्रंथि) ट्यूमर का सफल ऑपरेशन किया है। इस जटिल सर्जरी से महिला को दो वर्ष पुरानी चेहरे की सूजन से राहत मिली है। कस्बा बानपुर निवासी 50 वर्षीय महिला को दो वर्ष से चेहरे के दाहिने हिस्से में सूजन और दर्द था। वह मेडिकल कॉलेज के ईएनटी विभाग की ओपीडी में पहुंची। विभागाध्यक्ष ने परीक्षण कर आवश्यक जांचें कराईं। अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन और एफएनएसी में पैरोटिड लार ग्रंथि में ट्यूमर की पुष्टि हुई। चिकित्सकों ने परिजनों को ऑपरेशन की आवश्यकता समझाई। 27 अक्तूबर को लगभग तीन घंटे तक चली यह जटिल सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। ऑपरेशन टीम में डॉ. श्रद्धा गुप्ता, डॉ. अरविंद, डॉ. महेंद्र और नर्सिंग स्टाफ भी शामिल रहा।
मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. मयंक कुमार शुक्ला ने ऑपरेशन को बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि जिले में पहली बार इस तरह की जटिल सर्जरी की गई है। अब इस समस्या के मरीजों को महानगरों की ओर रुख नहीं करनी होगी।