ललितपुर। नगर क्षेत्र में रहने वाले जो लोग विकलांग, विधवा अथवा वृद्धावस्था पेंशन का लाभ ले रहे हैं, उनके भौतिक सत्यापन में पालिका कर्मियों को पसीना आ रहा है। सूची में लाभार्थियों की जाति और पूरा पता नहीं होने के कारण सत्यापन में समस्या आ रही है। यही कारण है कि एक माह में बीस प्रतिशत लाभार्थियों के सत्यापन पूरे हो सके हैं।
डीएम डा. रुपेश कुमार के निर्देश पर नगर पालिका द्वारा नगर क्षेत्र में रहने वाले विकलांग, विधवा व वृद्धावस्था पेंशन लाभार्थियों का भौतिक सत्यापन का कार्य किया जा रहा है। लाभार्थी के ब्योरा को आधार कार्ड से लिंक करने के लिए आधार कार्ड नंबर, बैंक पास बुक नंबर, फोटो और मोबाइल नंबर की जानकारी जुटाई जा रही है। जिला विकलांग जन विकास अधिकारी कार्यालय व समाज कल्याण अधिकारी कार्यालय से नगर पालिका को पेंशन लाभार्थियों की सूची दी गई है, लेकिन सूची अंग्रेजी में है तथा लाभार्थी की जाति और मकान का पूरा पता अंकित नहीं है, जिससे सत्यापन कार्य कर रहे कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। 871 विकलांग पेंशन लाभार्थियों, 2,133 विधवा और 2,857 वृद्धावस्था पेंशन लाभार्थियों के भौतिक सत्यापन का कार्य नगर पालिका को दिया गया था। लेकिन, इनमें से एक माह में नगर पालिका अब तक मात्र 165 विकलांग, 375 विधवा और 621 वृद्धावस्था पेंशन लाभार्थियों का सत्यापन कर सकी है।
जाति व पता नहीं होने से परेशानी
सत्यापन के लिए लाभार्थियों की जो सूची नगर पालिका को सौंपी गई है, उसमें किसी भी लाभार्थी के नाम के साथ उसकी जाति और मकान का पूरा पता नहीं लिखा है, इससे पालिका कर्मी लाभार्थियों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। सूची में लाभार्थियों के पता में केवल मुहल्ले का ही नाम लिखा है। मुहल्ला आजादपुरा नगर के तीन वार्डों 14, 16 व 20 के अंतर्गत आता है। इसी तरह मुहल्ला सिविल लाइन भी तीन वार्डों 08, 10 व 12 में, मुहल्ला तालाबपुरा दो वार्डों 13 व 23 में और मुहल्ला खिरकापुरा दो वार्डों 01 व 25 के अंतर्गत आता है। इस कारण मुहल्ले के नाम के लाभार्थियों के पता सही मालूम नहीं हो पा रहा है। इसके अलावा एक ही नाम के कई लोग रहते हैं। जाति नहीं होने पाने के कारण लाभार्थी की पहचान नहीं हो पा रही है। यही कारण है कि एक माह से अधिक समय बीतने के बाद भी अब तक मात्र 20 प्रतिशत ही सत्यापन का कार्य पूर्ण हो सका है।
पालिका ने बनाया काउंटर
लाभार्थियों तक नहीं पहुंच पाने के कारण सत्यापन के कार्य में बाधा आ रही है, इसके लिए नगर पालिका अधिशासी अधिकारी राकेश कुमार ने लाभार्थियों के आधार कार्ड, बैंक पास बुक की छायाप्रति, दो फोटो व मोबाइल नंबर की जानकारी विभाग में जमा करने के लिए नगर पालिका परिषद कार्यालय में ही एक काउंटर लगा दिया है, जहां पर दस्तावेज जमा किए जा रहे हैं। वहीं, उन्होंने जनता की सुविधा को देखते हुए विकलांग पेंशन के लिए कनिष्ठ लिपिक सिकंदर खान, विधवा पेंशन के लिए कनिष्ठ लिपिक अशोक कुमार व वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित लाभार्थियों की समस्या के निस्तारण के लिए कनिष्ठ लिपिक विशन दास को प्रभारी बनाया है।
मृतकों के खातों में पहुंच रही पेंशन
नगर पालिका द्वारा अब कुल 1,161 लाभार्थियों का सत्यापन किया है। इसमें 20 नाम ऐसे हैं, जिनकी मृत्यु हो चुकी है। लेकिन, उनके खातों में पेंशन की राशि लगातार पहुंच रही है। गौरतलब है कि कई लाभार्थियों के दस्तावेज डाक व उनके परिजनों द्वारा जमा किए गए हैं। यदि इनकी जांच की जाए तो ऐसे लोगों की सच्चाई सामने आ जाएगी।
विकलांग, विधवा व वृद्धावस्था पेंशन के जिन लाभार्थियों के अब तक आधार कार्ड, बैंक पास बुक की छायाप्रति, फोटो व मोबाइल नंबर जमा नहीं हुए हैं। वह लोग उक्त दस्तावेज कार्यालय में आकर जमा कर दें, अन्यथा उनको पेंशन की राशि नहीं मिलेगी।
- राकेश कुमार
अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका