ललितपुर। कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए वैक्सीन की तैयारी जोरों पर है। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा पूर्वाभ्यास किया जा चुका है। लेकिन, अधिकतर लोगों के मन में टीकाकरण को लेकर कई सवाल हैं। महत्वपूर्ण बात यह है कि वैक्सीन के लिए पंजीकरण अनिवार्य होगा और परिचय पत्र दिखाना होगा। 28 दिन के अंतराल पर कोरोना वैक्सीन के दो डोज लेना होंगे।
मुख्य चिकित्साधिकारी डा. डीके गर्ग ने बताया कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के अनुसार उच्च जोखिम वाले समूहों को प्राथमिकता के आधार पर वैक्सीनेशन के लिए चिह्नित किया गया है। इन्हें तीन समूहों में बांटा गया है। पहले चरण में 4,080 हेल्थ वर्कर्स, दूसरे चरण में 6000 पुलिस, सेना, अर्द्धसैनिक बल, सफाई कर्मचारी (फ्रंट लाइन वर्कर्स), तीसरे चरण में 50 वर्ष से अधिक उम्र के सभी व्यक्ति तथा 50 वर्ष से कम उम्र के कैंसर, मधुमेह, उच्च रक्तचाप व अन्य जानलेवा बीमारियों से ग्रसित व्यक्ति शामिल हैं। इसके बाद अन्य लोगों को वैक्सीन उपलब्ध होगी। कोरोना वैक्सीन व्यक्ति की रजामंदी के बाद ही दी जाएगी। व्यक्ति को खुराक पूरी करने के लिए 28 दिन के बाद दूसरी खुराक लेनी होगी। इससे एंटीबॉडी का सुरक्षात्मक स्तर विकसित होगा।
---
पंजीकृत मोबाइल नंबर पर मिलेगी वैक्सीनेशन की जानकारी
वैक्सीनेशन के लिए पंजीकरण कराने के बाद स्थान और समय की जानकारी मोबाइल नंबर पर दी जाएगी। फोटो पहचान पत्र पंजीकरण और सत्यापन दोनों के लिए जरूरी है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि संबंधित व्यक्ति को वैक्सीन लगाया गया है या नहीं। पंजीकरण के बाद सबकी यूनिक हेल्थ आईडी तैयार होगी, जिसे बाद में आधार नंबर से लिंक किया जाएगा और कोविड टीकाकरण का उसमें पूरा विवरण होगा। ऑनलाइन पंजीकरण कराने के बाद लाभार्थी को वैक्सीनेशन की तिथि, स्थान और समय के बारे में मोबाइल फोन पर एसएमएस प्राप्त होगा।
---------
मधुमेह व उच्च रक्तचाप वालों के लिए जरूरी
यदि कोई व्यक्ति कैंसर, मधुमेह, उच्च रक्तचाप व अन्य जानलेवा बीमारियों से ग्रसित है और दवा ले रहा है तो उसके लिए वैक्सीनेशन जरूरी है। ऐसे पीड़ितों को उच्च जोखिम वाली श्रेणी में रखा गया है। कोविड संक्रमितों को स्वस्थ होने के बाद वैक्सीन लगाई जाएगी।