ललितपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वाधान में दस अप्रैल को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों के निस्तारण के लिए प्राधिकरण के अध्यक्ष/जनपद न्यायाधीश मोहम्मद रियाज के निर्देश पर प्रोसेस सर्विंग कमेटी के अध्यक्ष व अपर जिला जज प्रोसेस निर्भय प्रकाश की अध्यक्षता में सभी न्यायिक मजिस्ट्रेट की बैठक बृहस्पतिवार को की गई। इसमें राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ से प्राप्त पत्र में दिए गए निर्देशों के अनुसार सम्मन/ नोटिस की तामीला पर विस्तृत विचार विमर्श किया गया।
यहां अधिकारियों से तामीला में आ रही परेशानी के सम्बन्ध में चर्चा की गई एवं उन्हें दूर करने का आश्वासन दिया गया। बैठक में उपस्थित अधिकारियों से अपेक्षा की गयी कि वह राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक वादों को नियत कर निस्तारण का प्रयास करें। यह भी अवगत कराया गया कि यदि तामीला में किसी प्रकार की असुविधा होगी तो पुलिस विभाग के नोडल अधिकारी से विचार विमर्श कर समस्या का निराकरण किया जाएगा। इस संबंध में नोडल अधिकारी पुलिस विभाग के साथ अतिशीघ्र एक बैठक का आयोजन किए जाने का निर्णय लिया। इस मौके पर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट रवि कुमार गुप्त, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रभारी सचिव डा. सुनील कुमार सिंह, अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट महरौनी विजय कुमार, न्यायिक मजिस्ट्रेट महरौनी अनुभव कटियार, सिविल जज जूनियर डिवीजन प्रज्ञा सिंह, सिविल जज जूनियर डिवजन न्यू कोर्ट सौरभी मण्डलोई, अपर सिविल जज जूनियर डिवीजन एफटीसी गरिमा सक्सेना एवं न्यायाधिकारी ग्राम न्यायालय तालबेहट यज्ञेश सोनक, बैठक में उपस्थित रहे।
------------------
विधिक साक्षरता शिविर आज बुढ़वार में
राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ से प्राप्त निर्देश के अनुसार भारत की स्वतंत्रता के 75 वीं वर्षगांठ के अवसर पर भारत का अमृत महोत्सव का शुभारंभ बारह मार्च से किया जा रहा है। यह भी बताया कि जनजातीय लोगों को विधिक सहायता प्रदान किए जाने के लिए बारह मार्च को दोपहर दो बजे से मोहल्ला विष्णुपुरा, ग्राम बुढवार, ब्लॉक जखौरा में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया जाएगा।