गोरखपुर से आने वाली कुशीनगर तीन घंटा देरी से आई
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। गोरखपुर की ओर जाने और आने वाली ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं। अप रूट की राप्तीसागर एक्सप्रेस शुक्रवार को निरस्त रही, तो वहीं प्रयागराज एक्सप्रेस पांच घंटा, कुशीनगर तीन घंटा, गोरखपुर एक्सप्रेस ढाई घंटा तक देरी से आई।
रेलवे द्वारा गोरखपुर क्षेत्र में तकनीकी कारणों से गोरखपुर की ओर आने जाने वाली कई ट्रेनों की लेटलतीफी चल रही है। 01027 गोरखपुर स्पेशल ट्रेन मऊ और गोरखपुर के मध्य शुक्रवार को निरस्त रही, जिसके चलते यह ट्रेन मऊ स्टेशन तक ही संचालित की गई। शुक्रवार को यह ट्रेन ढाई घंटे विलंब होकर सुबह 7.55 बजे के स्थान पर सुबह 10.32 बजे आई। वहीं, डाउन रूट की राप्तीसागर एक्सप्रेस ट्रेन डेढ़ घंटे बिलंब होकर रात 2.24 बजे के स्थान पर रात्रि 3.53 बजे आई। इसी प्रकार अप रूट की दादर सेंट्रल एक्सप्रेस 49 मिनट विलंब होकर सुबह 10.25 बजे के स्थान पर सुबह 11.14 बजे आई। वहीं अप रूट की कुशीनगर एक्सप्रेस सवा तीन घंटे विलंब होकर सुबह 6.33 बजे के स्थान पर सुबह 9.46 बजे ललितपुर स्टेशन पर आई। वहीं, टीकमगढ़, खजुराहो के रास्ते प्रयागराज की ओर जाने वाली प्रयागराज एक्सप्रेस भी पांच घंटे विलंबित होकर शाम को 7.38 बजे केे स्थान पर देर रात 12.38 बजे आने की संभावना जताई गई।