तालबेहट। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में अज्ञात युवक द्वारा नाबालिग के हाथ पैर बॉधकर व मुंह में कपड़ा ठूंस कर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोपी ने दुष्कर्म के बाद घर में रखे जेवरात और सोलह हजार रुपये की नकदी पर भी हाथ साफ कर दिया।
पुलिस को दिए शिकायती पत्र में पीड़िता के पिता ने बताया कि छह सितंबर को परिवार के सभी लोग खेत पर गए थे। घर पर 13 वर्षीय पुत्री अकेली थी। लगभग सुबह साढ़े 10 बजे अज्ञात व्यक्ति लालरंग की मोटरसाइकिल से उनके घर पर आया, जो लाल रंग की टी शर्ट और काला पैंट पहने था। उसने अंदर से घर की कुंडी बंद कर ली। इसके बाद पीड़िता के मुुुंह में कपड़ा ठूंस दिया और हाथ- पैर बॉधकर दुष्कर्म किया, जिससे वह बेहोश हो गई। आरोपी दूसरे कमरे में रखे सोलह हजार नकद और लगभग साठ हजार रुपये के जेवरात लेकर भाग गया। बाद में जब पीड़िता को होश आया, तो उसके चिल्लाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उसके बाद पीड़िता ने उन्हें घटनाक्रम के बारे में बताया। समाचार लिखे जाने तक पीड़ित पक्ष कोतवाली में था। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार वर्मा का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। फिर भी जांच जारी है।