ललितपुर। शहर कोतवाली अंतर्गत नई बस्ती मोहल्ला निवासी एक नवविवाहिता की संदिग्धावस्था में मौत हो गई। मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज में दो लाख रुपये न दे पाने के लिए बेटी की हत्या करने का आरोप लगाया है। कहा कि हत्या को आत्महत्या का रूप देने के लिए फंदे पर लटकाने का प्रयास किया गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मूलरूप से नाराहट थाना क्षेत्र के बमराना गांव निवासी परशुराम नई बस्ती में किराए पर कमरा पत्नी राजुकमारी (32) के साथ रहते हैं।
परशुराम के परिजनों ने बताया कि शनिवार की रात राजकुमारी की जेठानी की बेटी की शादी थी। घर के सभी सदस्य समारोह में शामिल होने गए थे। राजकुमारी घर में वह अकेली थी। रात साढ़े नौ बजे के करीब घर पहुंचे पति ने देखा कि राजकुमारी फंदे पर लटक रही थी। पति ने तत्काल उसे नीचे उतार लिया और पुलिस को सूचना दी। मृतक राजकुमारी के पिता कृपाशंकर ने आरोप लगाया कि ससुराल वालों ने बेटी की गला दबाकर हत्या कर दी है।
पुलिस को दिए प्रार्थनापत्र में बताया कि मेरी बेटी का पति और उसके परिवार के लोग आए दिन दो लाख रुपयों की मांग करते रहते थे। गरीब होने के कारण मैं रुपये नहीं दे पाया। इससे आए दिन राजकुमारी के साथ मारपीट करते थे। राजकुमारी ने एसपी को पहले भी मारपीट करने का प्रार्थनापत्र दिया था। प्रार्थनापत्र में बताया कि शनिवार की शाम मेरा बेटा मनोहर और नातिन अनामिका के साथ मैं सिद्धन रोड पर शादी समारोह में गए थे।
रात नौ बजे जब हम लोग घर पहुंचे तो ससुराल पक्ष के लोग घर से भागते दिखे। इसके बाद जब हम लोगों ने घर के अंदर जाकर देखा तो वहां राजकुमारी का शव पड़ा था और उसके गले पर निशान थे। इससे लग रहा है कि मेरी बेटी की ससुरालवालों ने गला दबाकर हत्या की है।
दो दिन पहले दिया था प्रार्थनापत्र
मृतका राजकुमारी ने शुक्रवार को ही थाना दिवस में प्रार्थनापत्र देकर पति पर मारपीट का आरोप लगाया था। एसपी को संबोधित ज्ञापन में राजकुमारी ने बताया था कि शनिवार को उसका पति और उसके दोस्त शराब पीकर घर आए और गाली-गलौज करने लगे। जब मैंने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी और करंट लगाकर जान से मारने की कोशिश की। राजकुमारी ने लिखा कि उसका पति आए दिन मारपीट करता है और घर नहीं आने देता है। घर आने पर जान से मारने की धमकी देता है। शराब में पति ने पूरी जमीन जायदाद भी बेच दी है।