नेहरू नगर में कच्ची सड़क पर हुआ जलभराव
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। बारिश से कच्चे रास्तों में जलभराव होने से तालाब में तब्दील हो गए हैं। ऐसा ही नजारा वार्ड नंबर एक सिद्दनपुरा में जय मां सरस्वती ज्ञान मंदिर स्कूल के पीछे हैं। यहां की कई कच्ची गलियों में जलभराव की समस्या हो गई, जिससे करीब पचास घर के लोगों के सामने आने - जाने का संकट खड़ा हो गया है। छोटे बच्चे भरे पानी के बीच से निकलने में कतरा रहे हैं।
वार्ड नंबर एक सिद्दनपुरा में सर्वांगीण विकास की जरूरत है। यहां कई नई बस्तियां बन रही हैं, जिनमें न तो सड़क है और न ही पक्की नाली की सुविधा है। ऐसा ही कुछ हाल मां सरस्वती ज्ञान मंदिर स्कूल के पीछे है। यहां पर लगभग पचास परिवार रहते हैं, जिन्हें बरसात के दिनों में जलभराव और गंदे पानी के बीच से निकलना पड़ता है। बारिश होने के बाद पूरा रास्ता तालाब में बदल जाता है।
नई बस्ती होने से अभी तक बिजली के खंभे नहीं लग पाए हैं। जैसे शाम ढलती है, वैसे ही अंधेरा होने लगता है। इससे लोग शाम होते ही अपने घरों से नहीं निकलने में कतराते हैं। लोगों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र दिया, इसके बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है। वर्तमान में हालात जस के तस बने हुए हैं। लक्ष्मी देवी, प्रान सिंह यादव, धनप्रसाद प्रजापति, नंदकिशोर परिहार, जशोदा, लीला समेत अन्य मोहल्ले वालों ने स्ट्रीट लाइट लगवाने, नाली और सड़क को पक्का कराने की मांग की है।
- कच्चे रास्ते पर विवाद का मामला संज्ञान में है। इस समस्या का निराकरण करने का प्रयास किया जा रहा है। शीघ्र ही स्थानीय लोगों की रास्ते की समस्या का निदान कराया जाएगा। - रजनी साहू, अध्यक्ष, नगर पालिका परिषद