महरौनी (ललितपुर)। बारिश के बाद नगर में जगह-जगह जलभराव की समस्या एक बार फिर सामने आने लगी है। नगर के कुछ मुहल्लों की गलियों सहित प्रमुख मार्गों पर जलभराव होने से आम यातायात पर विपरीत प्रभाव पड़ रहा है और लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है ।
कस्बा क्षेत्र के इंदिरा चौराहा से लेकर मुख्य बाजार की सड़क पर पशु अस्पताल के पास, बुंदेला मार्केट के सामने, गांधीचौक बाजार, बानपुर चौराहा सहित अनेक स्थानों पर जलभराव की समस्या विकराल है ।
उक्त स्थानों पर पानी की समुचित निकासी न होने और विपरीत ढाल होने के कारण कुछ देर की बारिश के बाद ही सड़क पर काफी पानी भर जाता है । जलभराव के कारण मुख्य मार्ग पर ताल तलैया जैसा दृश्य नजर आ रहा है। सड़क से वाहन गुजरने पर कीचड़युक्त गंदा पानी दूर तक उछलता है, जिससे आम राहगीर और सड़क किनारे के दुकानदार परेशान हैं। सड़क पर जलभराव होने से पैदल निकलना काफी चुनौतीपूर्ण बना हुआ है और खासतौर से महिलाओं व बच्चों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। काफी देर तक सड़कों पर पानी भरा रहने से जहां कीचड़ जमा हो जाता है जो वाहनों के फिसलने की वजह बन रहा है। सड़क पर डामर ने गिट्टी का साथ छोड़ना शुरू कर दिया है और गिट्टी उखड़ने से मार्ग गड्ढों में तब्दील हो गया है । नगरवासियों ने सड़कों पर जलभराव की समस्या के समाधान हेतु प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया है ।
काली मिट्टी से टीकमगढ़ रोड हुआ फिसलन भरा
महरौनी (ललितपुर)। कस्बा क्षेत्र के टीकमगढ़ रोड पर इन दिनों वाहन चलाना काफी खतरनाक साबित हो रहा है। सड़क किनारे डली काली मिट्टी सड़क पर आ गई है इससे मार्ग फिसलन भरा हो गया है। जरा सी लापरवाही से दोपहिया वाहन सड़क पर फिसलकर अनियंत्रित हो जाते हैं और आयेदिन वाहन चालक गिरकर चुटहिल हो रहे हैं।
महरौनी-टीकमगढ़ मार्ग पर कस्बा क्षेत्र के बानपुर चौराहे से ग्राम निवारी तक लगभग पांच किलोमीटर लंबे खस्ताहाल मार्ग पर यात्रा करते समय वाहन चालकों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। कुछ समय पहले पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा सडक के किनारे फुटपाथ पर खेतों की काली मिट्टी डाल दी गयी थी । वहीं आनंदपुर आश्रम के पास नवनिर्मित नहर की पुलिया के पास सिंचाई विभाग ने सडक किनारे मिट्टी के ढेर लगा दिये थे । इस संकरे सडक मार्ग पर क्रासिंग के दौरान वाहनों के पहियों में लगकर यह मिट्टी सडकों पर आ गयी है। बारिश के बाद सड़क पर मिट्टी की वजह से फिसलन बढ गयी है और ऐसे में अब ये मिट्टी राहगीरों के लिये जी का जंजाल बन गयी है । स्थिति यह है कि रोज इस सड़क मार्ग पर बाइक फिसल कर गिर रही हैं और लोग चुटहिल हो रहे हैं।
तालाब की पुलिया फिर धंसी, मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित
नगर के मुख्य बाजार में तालाब के नाले की पुलिया फिर से धंस गई है और इस वजह से मार्ग पर यातायात बाधित हो गया है। ऐसे में अब सड़क वनवे के तौर पर ही उपयोग में आ रही है। कस्बा के मुख्य बाजार में सड़क मार्ग को क्रास करता हुआ आनंद ज्वैलर्स के बगल से एक नाला निकलता है, जो तालाब में मिलता है। सड़क पर इस नाले की पुलिया काफी पुरानी और खस्ताहाल है। कुछ दिन पूर्व किसी भारी वाहन के निकलने से पुलिया धंस गयी थी और एक बड़ा गड्ढा हो गया था। पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा उस समय औपचारिक मरम्मत करा दी गयी थी और उस समय यातायात सुचारु हो गया था लेकिन रविवार सुबह एक बार फिर पुलिया धंस गयी है। इस बार गड्ढा इतना बड़ा हो गया है कि इस मार्ग को अब बंद करना पड़ा है । पुलिया का शीघ्र निर्माण होना बहुत जरूरी है अन्यथा बरसात के मौसम भर मुख्य मार्ग पर यातायात अस्त व्यस्त बना रहेगा ।