ललितपुर। राजघाट रोड स्थित सिलगन रेलवे गेट के बार-बार बंद होने की समस्या से वाहन चालकों को हमेशा के लिए निजात मिलने वाली है। रेलवे द्वारा यहां बनाया जा रहा अंडरब्रिज का कार्य एक माह में पूर्ण कर संचालन शुरू कर दिया जाएगा और रेलवे गेट राहगीरों के लिए हमेशा के लिए बंद हो जाएगा।
राजघाट रोड पर स्थित सिगलन रेलवे गेट से प्रतिदिन 180 से 190 ट्रेनें अप और डाउन रेल मार्ग पर निकलती हैं। इसके चलते हर रोज 24 घंटे में रेलवे गेट तकरीबन चार सौ बार खुलता और बंद होता है। यानि, दिन में करीब 200 बार रेलवे गेट बंद होता है। रेलवे गेट बंद होने के कारण राजघाट मार्ग पर आने-जाने राहगीरों के लिए दिक्कत का सामना करना होता है। रेलवे गेट से प्रतिदिन हजारों दो पहिया व चार पहिया सड़क मार्ग से जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों व मध्य प्रदेश के लिए गुजरते हैं। कई बार रेलवे गेट बंद होने की वजह से लोगों के बहुत जरूरी कार्य में अनावश्यक विलंब होता है। सुबह के स्कूल होने की वजह से बहुत से अध्यापक भी लेट हो जाते हैं। गेट बंद होना गेटमेन के लिए मुसीबत बन चुका है। गंभीर रूप से बीमार मरीज लाने वाली या ले जाने वाली एंबुलेंस भी देर से अस्पताल पहुंचती हैं, जिससे मरीजों की जान पर भी बन आती है।
लेकिन, अब बहुत जल्द रेलवे गेट बंद होने की समस्या से हमेशा के लिए निजात मिलने वाली है। रेलवे द्वारा सिलगन गेट के पास कराए जा रहे अंडरब्रिज का निर्माण कार्य जल्द पूर्ण होने वाला है। विभागीय जानकारों के अनुसार अंडरब्रिज का निर्माण कार्य एक माह में पूरा हो जाएगा। अंडरब्रिज का संचालन शुरू होने से रेलवे गेट हमेशा के लिए बंद कर लिया जाऐगा। इस गेट पर ट्रैफिक अधिक होने के कारण यहां रेलवे द्वारा अंडरब्रिज का निर्माण कराया जा रहा है। अंडरब्रिज के निर्माण कार्य का शुभारंभ एक वर्ष पूर्व चंद्रभूषण सिंह गुड्डू राजा बुंदेला द्वारा किया गया था।